'मैंने बहुत प्रयास किया', ब्राजील के बाहर होने के बाद नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास
ब्राजील के फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद नेमार जूनियर ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। ब्राजील को राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते टीम का टूर्नामेंट में सफर यही थम गया।

नई दिल्ली, 6 जुलाई । ब्राजील के फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद नेमार जूनियर ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। ब्राजील को राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते टीम का टूर्नामेंट में सफर यही थम गया।
34 वर्षीय नेमार ने ब्राजील के विश्व कप से बाहर होने के बाद पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, "मैंने बहुत प्रयास किया, मैंने हर संभव कोशिश की। हालांकि, अब यह सफर खत्म हो चुका है। मैंने अमेरिका की सरजमीं से ही अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था और यहीं पर इसे खत्म कर रहा हूं।" नेमार नॉर्वे के खिलाफ मिली हार के बाद मैदान पर भावुक भी नजर आए।
नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में नेमार सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे और उन्होंने इंजरी टाइम में ब्राजील की ओर से मैच का एकमात्र गोल भी दागा। यह नेमार का उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी गोल भी रहा। ब्राजील की तरफ से सबसे अधिक गोल करने का रिकॉर्ड नेमार के नाम ही दर्ज है। उन्होंने अपने करियर में खेले कुल 130 मुकाबलों में 80 गोल किए, जबकि 59 असिस्ट भी किए।
नेमार ने साल 2010 में ब्राजील की ओर से अपने इंटरनेशनल फुटबॉल में डेब्यू किया था। उन्होंने ब्राजील की तरफ से दो ओलंपिक भी खेले। साल 2012 में हुए ओलंपिक में नेमार ने ब्राजील को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वही, 2016 में हुए रियो ओलंपिक में नेमार ने अपनी अगुवाई में ब्राजील को स्वर्ण पदक भी दिलाया। 2013 में ब्राजील को फीफा कनफिडरेशन कप जिताने में भी नेमार का रोल काफी महत्वपूर्ण रहा। हालांकि, विश्व कप की शुरुआत से पहले ही उनकी फिटनेस पर कई तरह के सवाल थे। इसके साथ ही फीफा द्वारा शेयर किए गए एक पोस्ट में नेमार ने कमेंट करते हुए संन्यास लेने के संकेत भी दिए थे।
पांच बार की चैंपियन ब्राजील नॉर्वे के खिलाफ पूरे मुकाबले में बैकफुट पर नजर आई। ब्राजील ने गोल करने के कई आसान मौके गंवाए, जिसमें पेनल्टी भी शामिल रही। नॉर्वे की ओर से दोनों गोल एर्लिंग हालैंड ने किए। उन्होंने पहला गोल मैच के 79वें मिनट में दागा, जबकि दूसरा गोल 90वें मिनट में किया। ब्राजील की ओर से एकमात्र गोल नेमार ने इंजरी टाइम में किया। नेमार के रिटायरमेंट के साथ एक ब्राजील के फुटबॉल इतिहास में एक युग का अंत हो गया है।
Source: IANS

