इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर चौथी बार फीफा विश्व कप सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया

मियामी, 12 जुलाई । इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए इंग्लिश टीम ने नॉर्वे को 2-1 से शिकस्त दी। इंग्लैंड की इस रोमांचक जीत के नायक जूड बेलिंगहम रहे, जिन्होंने अतिरिक्त समय में टीम के लिए निर्णायक गोल दागा।

साल 2018 के बाद यह पहली बार है जब इंग्लैंड ने विश्व कप के सेमीफाइनल का टिकट कटाया है। शानदार प्रदर्शन के लिए बेलिंगहम को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच की शुरुआत में नॉर्वे की टीम इंग्लैंड के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाती दिखी। इसी का फायदा उठाकर मुकाबले के 36वें मिनट में एंड्रियास शेल्डरुप ने पहला गोल दागकर नॉर्वे को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, बेलिंगहम ने नॉर्वे की इस बढ़त को अधिक समय तक टिकने नहीं दिया और पहले हाफ के इंजरी टाइम में एक शानदार गोल करके स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को भी सफलता हाथ नहीं लग सकी। इसके बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंचा, जहां 93वें मिनट में बेलिंगहम का जादू एक बार फिर देखने को मिला। उन्होंने मुकाबले का अपना दूसरा गोल करते हुए इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही। नॉर्वे ने लगातार हमले करते हुए स्कोर को बराबर करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह इंग्लैंड के डिफेंस को नहीं भेद सके।

इससे पहले, इंग्लैंड 1966, 1990 और 2018 में सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। 1966 में इंग्लैंड ने खिताब को अपने नाम किया था, लेकिन 1990 और 2018 में टीम का सफर सेमीफाइनल में ही खत्म हो गया था। सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगा। हार के साथ ही नॉर्वे का विश्व कप में शानदार सफर थम गया। एर्लिंग हालैंड भी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्वे की नैया को पार नहीं लगा सके। हालांकि, हालैंड का प्रदर्शन विश्व कप में कमाल का रहा और उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 7 गोल किए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement