फीफा विश्व कप का असर, बेंगलुरु पुलिस ने होटलों और रेस्टोरेंट में सुबह 3.30 बजे तक फूड सर्विस की इजाजत दी

बेंगलुरु, 14 जुलाई । फीफा विश्व कप में भारतीय टीम ने क्वालीफाई बेशक न किया हो, लेकिन देश में विश्व कप को लेकर रोमांच कम नहीं है। फैंस रात-रात भर जागकर विश्व कप के मैचों का लुत्फ ले रहे हैं। सेमीफाइनल और फाइनल के करीब आने के बाद विश्व कप को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। इसी बीच, बेंगलुरु में फुटबॉल फैंस के लिए सरकार की तरफ से अच्छी खबर है।

फीफा विश्व कप मैचों को देखते हुए, बेंगलुरु पुलिस ने शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में सुबह 3.30 बजे तक फूड सर्विस की इजाजत दे दी है। यह फैसला 'नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया' की गुजारिश पर लिया गया है। आदेश 14, 15 और 19 जुलाई को लागू होगा, जब वर्ल्ड कप के मैच खेले जाएंगे। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कर्नाटक पुलिस एक्ट के तहत देर रात मैच दिखाने की इजाजत दी है।

बता दें कि बेंगलुरु में ओपन एरिया, रूफ-टॉप कैफे और आउटडोर पब्स में फुटबॉल मैच दिखाए जा रहे हैं। शहर में फुटबॉल को लेकर बहुत उत्साह है। 2026 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान कई जगहों पर ओपन-एयर और 'वॉच पार्टी' का आयोजन हो रहा है। इसी वजह से पुलिस ने शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में सुबह 3.30 बजे तक फूड सर्विस की इजाजत दी है।

फीफा विश्व कप 2026 अपने अंतिम और सबसे रोमांचक क्षण में पहुंच चुका है। विश्व कप में अब सिर्फ 4 मैच बाकी हैं। 2 सेमीफाइनल, एक फाइनल और एक मैच तीसरे स्थान की टीम के लिए खेला जाएगा। बुधवार को पहला सेमीफाइनल फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाना है। यह मैच भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (एएम) से खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (एएम) से इंग्लैंड और जर्मनी के बीच खेला जाएगा। दोनों मैचों की विजेता टीमें 20 जुलाई को फाइनल में एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। तीसरे स्थान के लिए मैच 19 जुलाई को खेला जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement