फीफा विश्व कप 2026 : हैमस्ट्रिंग चोट के कारण न्यूजीलैंड के मिडफील्डर मैट गार्बेट टूर्नामेंट से बाहर

लॉस एंजिल्स, 16 जून । फीफा विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के मिडफील्डर मैट गार्बेट हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड फुटबॉल फेडरेशन ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।

24 वर्षीय गार्बेट को इस सप्ताह अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगी थी। यह चोट ऐसे समय आई है जब न्यूजीलैंड ने लॉस एंजिल्स के सोफी स्टेडियम में ईरान के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलना शुरू किया है।

न्यूजीलैंड की टीम ‘ऑल व्हाइट्स’ ने बयान जारी कर कहा, "मैट गार्बेट हैमस्ट्रिंग चोट के कारण फीफा विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं। पूरी टीम इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है। हमें दुख है कि वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हम उम्मीद करते हैं कि वह जल्द मैदान पर वापसी करेंगे।"

गार्बेट न्यूजीलैंड के लिए अब तक 38 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और पांच गोल भी कर चुके हैं। उनकी जगह 26 सदस्यीय टीम में लोगन रोजर्सन को शामिल किया गया है।

स्थानीय समयानुसार शनिवार को सैन डिएगो में टीम के अभ्यास सत्र के दौरान गार्बेट को चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने रविवार को अभ्यास नहीं किया और टीम के साथ लॉस एंजिल्स रवाना हो गए।

सोमवार को मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य कोच डैरेन बेजले ने भी संकेत दिए थे कि गार्बेट की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है।

उन्होंने कहा था, "मैट को हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई है। हमारी मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। वह आज अभ्यास नहीं कर पाने से निराश हैं, क्योंकि वह रोज ट्रेनिंग करना पसंद करते हैं। फिलहाल हम उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की सलाह का इंतजार कर रहे हैं।"

न्यूजीलैंड तीसरी बार फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रहा है। इससे पहले टीम ने 1982 और 2010 में विश्व कप खेला था। 1982 में स्पेन में उसका प्रदर्शन खास नहीं रहा था, जबकि 2010 में दक्षिण अफ्रीका में टीम ने बेहतर खेल दिखाया था।

ओशिनिया फुटबॉल परिसंघ (ओएफसी) को मिले पहले सीधे विश्व कप टिकट के जरिए न्यूजीलैंड ने 2026 टूर्नामेंट के लिए जगह बनाई है। अब टीम उत्तर अमेरिका में होने वाले इस विश्व कप में प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेगी, हालांकि गार्बेट की चोट उसके लिए एक बड़ा झटका साबित हुई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement