फीफा वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में हार के बाद बेलिंगहम बोले- 'मैं माफी चाहता हूं, काश एक या दो और जीत दिला पाता'
इंग्लैंड के मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से मिली दिल तोड़ने वाली हार से बहुत दुखी हैं। बेलिंगहैम को उम्मीद थी कि वे उस टीम का हिस्सा बनेंगे जो देश के लिए वर्ल्ड कप जीतने के 60 साल लंबे इंतजार को खत्म करेगी।

अटलांटा, 16 जुलाई । इंग्लैंड के मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से मिली दिल तोड़ने वाली हार से बहुत दुखी हैं। बेलिंगहैम को उम्मीद थी कि वे उस टीम का हिस्सा बनेंगे जो देश के लिए वर्ल्ड कप जीतने के 60 साल लंबे इंतजार को खत्म करेगी।
बुधवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) अटलांटा स्टेडियम में एंथनी गॉर्डन के 55वें मिनट में गोल करने के बाद इंग्लैंड 1966 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचता नजर आ रहा था, लेकिन मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने मैच के आखिर में जबरदस्त वापसी की।
अर्जेंटीना की तरफ से एंजो फर्नांडीज ने 85वें मिनट में बराबरी का गोल दागा और फिर स्टॉपेज टाइम में लौटारो मार्टिनेज (90+2') ने विनिंग गोल किया। इसी के साथ अर्जेंटीना ने फाइनल में जगह पक्की कर ली।
इंग्लैंड की हार पर बात करते हुए भावुक बेलिंगहम अपनी निराशा छिपा नहीं सके। 'बीबीसी' के अनुसार, मैच के बाद बेलिंगहम ने कहा, "मुझे लगता है कि हम इससे बहुत कुछ सीख सकते हैं, लेकिन यह बहुत दुखद है। मैं इंग्लैंड की उस टीम का हिस्सा बनना चाहता था जो आखिरकार जीत हासिल करे और कामयाबी पाए। यहां आकर फैंस को वही बातें बताना जो वे वर्षों से सुनते आ रहे हैं, सच में बहुत दुखद है।"
23 वर्षीय खिलाड़ी ने इंग्लैंड के उन फैंस से भी माफी मांगी जो इस टीम के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद लेकर आए थे। उन्होंने कहा, "काश मैं एक या दो और जीत दिला पाता, लेकिन अभी निराशा के कारण मेरा दिमाग थोड़ा सुन्न हो गया है, इसलिए मैं माफी चाहता हूं।"
इंग्लैंड के बाहर होने के बावजूद, बेलिंगहम का टूर्नामेंट शानदार रहा और वे थॉमस ट्यूशेल के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रहे। इस मिडफील्डर ने टूर्नामेंट में सात गोल दागे। इनमें नॉर्वे के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल में दो भी शामिल हैं, जिससे इंग्लैंड अंतिम चार में पहुंचा। इससे पहले टूर्नामेंट में, उन्होंने 'राउंड ऑफ 16' में मैक्सिको के खिलाफ भी दो गोल किए थे।
नॉकआउट राउंड में इंग्लैंड ने डीआर कांगो, मैक्सिको और नॉर्वे को शिकस्त दी थी, जिससे फैंस को उम्मीद थी कि इंग्लैंड छह दशकों से चले आ रहे खिताबी सूखे को आखिरकार समाप्त कर देगा, लेकिन सेमीफाइनल में अर्जेंटीना की देर से की गई वापसी ने यह सुनिश्चित कर दिया कि इंग्लैंड का दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतने का इंतजार अभी जारी रहेगा। अब 'थ्री लायंस' फ्रांस के खिलाफ तीसरे स्थान के लिए होने वाले प्ले-ऑफ पर ध्यान केंद्रित करेगी।
Source: IANS

