फीफा वर्ल्ड कप: फाइनल में अर्जेंटीना के सामने स्पेन, भारतीय फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह
अर्जेंटीना की टीम रविवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) स्पेन के खिलाफ खिताबी मैच में भिड़ेगी। भारत में भी इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता बना हुआ है।

नई दिल्ली, 18 जुलाई । अर्जेंटीना की टीम रविवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) स्पेन के खिलाफ खिताबी मैच में भिड़ेगी। भारत में भी इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता बना हुआ है।
मुंबई डायनामोज एफसी की खिलाड़ी नियति गाडा ने 'आईएएनएस' से स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि ये मुकाबला बेहद रोमांचक होगा। इस मुकाबले में आक्रामक खेल देखने को मिलेगा। मैं स्पेन का समर्थन कर रही हूं, क्योंकि उनके पास काफी टैलेंट है। इस टीम में लामिन यमाल और पाउ कुबार्सी जैसे युवा खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि स्पेन इस खिताब को अपने नाम करेगा। हालांकि, अर्जेंटीना भी एक मजबूत टीम है। दोनों टीमों को मेरी शुभकामनाएं।"
लक्ष्य ने कहा, "ये एक रोमांचक मुकाबला होगा, जिसमें लामिन यमाल और मेसी के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी। स्टेडियम में फैंस इन दोनों खिलाड़ियों को देखने के लिए आएंगे। मेसी यह वर्ल्ड कप जीतेंगे, क्योंकि वह 'गोट' हैं। यह मेसी का आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। अगर लामिन यह खिताब जीतते हैं, तो यह चमत्कार होगा, क्योंकि वह महज 19 साल के हैं।"
स्टॉर्म चेजर्स फुटबॉल क्लब के को-फाउंडर और हेड कोच अल्फ्रेड बिसंगे ने कहा, "यह युवाओं के खिलाफ अनुभवी खिलाड़ियों का मुकाबला होगा। स्पेन की टीम में युवा हैं, जबकि अर्जेंटीना के पास मेसी जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। स्पेन यूरो चैंपियन है, जबकि अर्जेंटीना ने पिछला फीफा वर्ल्ड कप अपने नाम किया है। अर्जेंटीना के पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं।"
नासिक की फुटबॉल एकेडमी के कोच श्रीकांत वाकचौरे ने कहा, "अर्जेंटीना ने 1978, 1986 और 2022 वर्ल्ड कप जीता है, जबकि स्पेन ने साल 2010 में खिताब अपने नाम किया है। अर्जेंटीना के पास स्टार प्लेयर मेसी हैं, जिन्होंने इस वर्ल्ड कप में अब तक 8 गोल दागे हैं। अर्जेंटीना ही इस खिताब को अपने नाम करेगी।"
अर्जेंटीना का प्रयास अपने खिताब का बचाव करना होगा। अब तक सिर्फ इटली और ब्राजील ही फीफा वर्ल्ड कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर सके हैं। अर्जेंटीना इस टूर्नामेंट की सबसे आक्रामक टीम भी रही है, जिसने 7 मुकाबलों में 19 गोल दागे हैं। 39 वर्षीय कप्तान ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल (8) करने वालों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है। अब अर्जेंटीना और इतिहास के बीच सिर्फ स्पेन खड़ा है।
Source: IANS

