फीफा वर्ल्ड कप: अमेरिका ने एकतरफा मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से

नई दिल्ली, 20 जून । सह-मेजबान अमेरिका ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप डी के मुकाबले में अमेरिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को एकतरफा तरीके से 2-0 से हराया।

अमेरिका इस जीत के साथ ही राउंड ऑफ 32 में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बनी। सिएटल स्टेडियम में हुए मुकाबले की शुरुआत से ही अमेरिका ने आक्रामक खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के 11वें मिनट में ही अमेरिका को इसका फायदा भी मिला। ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरन बर्गेस फोलारिन बालोगुन के शॉट का बचाव करते हुए अपना ही गोल कर बैठे, जिसके चलते अमेरिका मैच में 1-0 की बढ़त हासिल करने में सफल रहा।

अमेरिका का मैच में दबदबा बरकरार रहा और पहले हाफ का अंत होने से ठीक पहले टीम ने अपनी बढ़त को दोगुना कर लिया। मैच के 43वें मिनट में सर्जिनो डेस्ट ने शानदार शॉट लगाया, लेकिन उनका यह शॉट गोल पोस्ट में नहीं पहुंच सका। हालांकि, सर्जिनो की नाकाम कोशिश को कैमरन बर्गेस ने बेहतरीन हेडर मारते हुए सफलतापूर्वक गोल में तब्दील कर दिया और अमेरिका को मैच में 2-0 की बढ़त दिला दी। ऑस्ट्रेलिया ने इस गोल के खिलाफ रिव्यू भी लिया, लेकिन रेफरी ने इसे पूरी तरह से वैध बताया।

पहले हाफ में ही 0-2 से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी। अमेरिका के डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी जीत के साथ ही अमेरिका ने नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह बना ली है। विश्व कप के इतिहास में यह महज दूसरा मौका है, जब अमेरिका ने टूर्नामेंट का आगाज लगातार दो जीत के साथ किया है। अमेरिका ने पहले मैच में पैराग्वे को 4-1 से हराया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter