फीफा वर्ल्ड कप 2026: इंटर मियामी ने दिया लियोनेल मेसी की फिटनेस पर बड़ा अपडेट

मियामी, 26 मई । इंटर मियामी सीएफ ने लियोनेल मेसी के चोटिल होने को लेकर लगाई जा रहीं अटकलों को खारिज किया है। क्लब ने बताया है कि मेसी के बाएं हैमस्ट्रिंग की मांसपेशियों में थकान है और इसी कारण उनको फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सब्स्टीट्यूट किया गया था।

फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ रविवार को एमएलएस मैच के दौरान फ्री किक लेने के बाद मेसी दिक्कत में दिखाई दिए थे और मैदान छोड़कर चले गए थे। चिंता की बात यह थी कि सब्स्टीट्यूट होने के बाद मेसी बेंच पर नहीं बैठे, बल्कि मेडिकल स्टाफ के सदस्यों के साथ सीधे लॉकर रूम चले गए। फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले मेसी को इस तरह से मैदान से बाहर जाते देख उनके चोटिल होने की आशंका जताई जाने लगी थी।

एमएलएस ने मंगलवार को एक अपडेट जारी किया और बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि खिलाड़ी के बाएं हैमस्ट्रिंग में मांसपेशियों की थकान और ज्यादा दबाव (ओवरलोड) की समस्या है। इंटर मियामी ने एक बयान में कहा, "इस सोमवार को और मेडिकल टेस्ट के बाद शुरुआती लक्षण में उनके बाएं हैमस्ट्रिंग में मांसपेशियों की थकान के साथ ओवरलोड का पता चला है। शारीरिक गतिविधि में उनकी वापसी का समय उनकी क्लिनिकल और कार्यात्मक प्रगति पर निर्भर करेगा।"

फीफा वर्ल्ड कप 2026 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में खेला जाना है। अर्जेंटीना डिफेंडिंग चैंपियन है और वह इस बार अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। अर्जेंटीना की ग्रुप जे में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से भिड़ंत होगी। हालांकि, मेसी ने आधिकारिक तौर पर यह ऐलान नहीं किया है कि वह अपने रिकॉर्ड छठे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे, लेकिन उम्मीद है कि वह इस गर्मी में इंटर मियामी टीम के साथी रोड्रिगो डी पॉल के साथ लियोनेल स्कालोनी की टीम की कप्तानी करेंगे।

मेसी ने अर्जेंटीना को 2022 में वर्ल्ड कप का खिताब जिताया था। उन्होंने रिकॉर्ड 26 वर्ल्ड कप मुकाबलों में हिस्सा लिया है और 13 गोल और 8 असिस्ट किए हैं। मेसी ने फ्रांस के खिलाफ हुए खिताबी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement