फीफा वर्ल्ड कप: इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर किया बड़ा उलटफेर, जीत के साथ नॉकआउट स्टेज में पहुंचे

नई दिल्ली, 26 जून । फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप ई के मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फिलाडेल्फिया स्टेडियम में इक्वाडोर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार बार की चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ ही इक्वाडोर ने राउंड ऑफ 32 का टिकट हासिल कर लिया है।

मैच की शुरुआत से ही दोनों ही टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। जर्मनी ने मुकाबले के दूसरे मिनट में ही गोल दागते हुए 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। टीम के लिए यह गोल लेरॉय साने ने किया। विर्ट्ज से मिले पास का फायदा उठाते हुए साने ने पेनल्टी एरिया के अंदर से शानदार शॉट लगाया, जो सीधा गोल पोस्ट में पहुंचा।

हालांकि, इक्वाडोर ने भी मुकाबले में जबरदस्त वापसी की और 9वें मिनट में ही स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। नीलसन एंगुलो ने लंबी दूरी से कमाल का शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। इसके बाद दोनों ही टीमों की तरफ से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन पहले हाफ के अंत तक किसी को भी सफलता हाथ नहीं लग सकी।

दूसरे हाफ में इक्वाडोर ने जर्मनी के मुकाबले ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया और चार बार की चैंपियन टीम के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया। इक्वाडोर को इसका फायदा मैच के 77वें मिनट में मिला, जब गोंजालो प्लाटा ने बेहतरीन गोल दागते हुए टीम को मैच में 2-1 की बढ़त दिला दी। दाहिने विंग से मिली कॉर्नर किक का गोंजालो ने भरपूर फायदा उठाया और शानदार शॉट के साथ मैच में अपना पहला गोल किया।

मैच में 2-1 की बढ़त हासिल करने के बाद इक्वाडोर के डिफेंस ने अंतिम क्षणों में जर्मनी को स्कोर बराबर करने का कोई मौका नहीं दिया। जर्मनी के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत के साथ ही इक्वाडोर नॉकआउट स्टेज में पहुंच गई है। हालांकि, जर्मनी पहले ही राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और टीम ने ग्रुप ई में पहले स्थान पर रही।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement