फीफा वर्ल्ड कप: इराक को 5-0 से रौंदकर सेनेगल की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार

टोरंटो, 27 जून । फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप 'आई' मुकाबले में सेनेगल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इराक को 5-0 से रौंदा। इस जीत के साथ ही सेनेगल ने राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।

सेनेगल के खिलाफ मिली हार के साथ ही इराक की टीम टूर्नामेंट में बिना कोई प्वाइंट अर्जित किए ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। मैच की शुरुआत में ही सेनेगल ने दबदबा बनाया। हबीब दियारा ने एक डिफ्लेक्टेड शॉट पर गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद इराक की मुश्किलें और बढ़ गईं जब 13वें मिनट में सादियो माने पर किए गए फाउल की वीएआर जांच के बाद डिफेंडर रेबिन सुलाका को रेड कार्ड दिखाकर बाहर कर दिया गया।

एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद इराक ने कुछ समय तक डिफेंस संभालने की कोशिश की, लेकिन सेनेगल लगातार हमले करता रहा। हालांकि, इसके बावजूद इराक की टीम पहले हाफ में स्कोर को 1-0 पर बनाए रखने में सफल रही। दूसरे हाफ में सेनेगल का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला। इस्माइला सार ने शानदार गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। यह उनके करियर का चौथा वर्ल्ड कप गोल था और इस उपलब्धि के साथ वह सेनेगल के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए।

इसके बाद सब्स्टीट्यूट पेपे गुएये ने मैदान पर आते ही दो शानदार प्रयास किए। उन्होंने दूर से तेज शॉट लगाए। पेपे के पहले शॉट की रफ्तार 84 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि उनके दूसरे शॉट की स्पीड 103 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इन दोनों ही शॉट को विपक्षी टीम का गोलकीपर रोकने में नाकाम रहा। इन दो गोलों की मदद से सेनेगल की बढ़त 4-0 हो गई। इसके बाद मैच के 82वें मिनट में इलिमन नडियाये ने पांचवां गोल करते हुए सेनेगल की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी। सेनेगल के 3 मुकाबलों में 3 प्वाइंट हो गए हैं और वह ग्रुप में तीसरे स्थान पर है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement