फीफा वर्ल्ड कप: क्रोएशिया ने बनाई नॉकआउट स्टेज में जगह, घाना को 2-1 से हराया

नई दिल्ली, 28 जून । फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप एल के अहम मुकाबले में क्रोएशिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए घाना को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ ही क्रोएशिया ने राउंड ऑफ 32 का टिकट भी हासिल कर लिया है।

क्रोएशिया को अगले राउंड में पहुंचने के लिए घाना के खिलाफ जीत या फिर ड्रॉ की दरकार थी। हालांकि, क्रोएशिया इस मुकाबले में शुरुआत से ही घाना पर हावी नजर आई। क्रोएशिया के खिलाड़ियों ने लगातार घाना के डिफेंस पर दबाव डाला। मैच के 17वें मिनट में निकोला व्लासिज ने तकरीबन 20 गज की दूरी से जबरदस्त शॉट खेला, लेकिन गेंद गोल पोस्ट से टकराने के बाद बाहर निकल गई।

क्रोएशिया मैच के 31वें मिनट में आखिरकार घाना के डिफेंस को भेदने में सफल रहा। पेटार सुचिच का 30 गज की दूरी से खेला गया शॉट घाना के डिफेंडरों और गोलकीपर को छकाते हुए गोल पोस्ट में पहुंचा। इसके बाद भी क्रोएशिया ने लगातार हमले जारी रखे, लेकिन टीम पहले हाफ में कोई और गोल नहीं कर सकी। पहले हाफ में बेरंग दिखे घाना के स्ट्राइकर्स ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की। उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए क्रोएशिया पर दबाव बनाने का प्रयास किया। मैच के 73वें मिनट में डेरेक लुकासेन ने क्रोएशिया की बढ़त को खत्म करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

लुकासेन फ्री किक पर हाथ आए मौके को गोल में तब्दील करने में सफल रहे। हालांकि, क्रोएशिया ने मैच के 83वें मिनट में एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली। लुका मोड्रिच के कॉर्नर पर निकोला व्लासिच ने बेहतरीन हेडर के बूते टीम की बढ़त को 2-1 कर दिया। मैच के अंतिम मिनटों में घाना ने फिर से स्कोर को बराबर करने के कई प्रयास किए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इस जीत के साथ ही क्रोएशिया ग्रुप एल में दूसरे स्थान पर रहा। टीम की नॉकआउट स्टेज में ग्रुप (के) के उपविजेता से होगी। वहीं, घाना को अब राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के लिए बाकी ग्रुप के मुकाबलों पर निर्भर रहना होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement