एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप: भारतीय टीम ने चिली को हराकर फाइनल में

ऑकलैंड, 20 जून । भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को ऑकलैंड में एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 के सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। यह भारतीय टीम की लगातार चौथी जीत थी।

भारत के लिए नवनीत कौर (6’, 13’), दीपिका (14’, 18’), नेहा (32’) और रुतुजा दादासो पिसल (39’) ने गोल किए। कप्तान सलीमा टेटे को उनके ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

भारतीय टीम ने मैच का आगाज शानदार तरीके से किया। शुरुआती समय में गेंद पर कब्जा बनाए रखा। टीम को छठे मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। नवनीत ने इस मौके का फायदा उठाया और गोल करते हुए भारतीय टीम के लिए पहला गोल किया। भारतीय टीम ने 13वें मिनट में दूसरा गोल मारा। सलीमा के लेफ्ट फ्लैंक से एक शानदार रन और क्रॉस पर नवनीत ने अपना दूसरा गोल किया। ड्रैगफ्लिकर दीपिका ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए भारत का तीसरा गोल मारा। दीपिका ने ही 18वें मिनट में अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल मारा। दीपिका का यह छठा गोल था और वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।

4-0 की बढ़त के बाद भारतीय टीम जीत की स्थिति में पहुंच चुकी थी, लेकिन टीम यहीं नहीं रुकी। दूसरे हाफ में भी टीम इंडिया चिली के खिलाफ आक्रामक रही। नेहा ने 32वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। इसके बाद रुतुजा दादासो पिसल ने 39वें मिनट में ओपन प्ले से रिवर्स हिट लगाकर टीम का छठा गोल दागा। छठे गोल ने भारत की जीत तय कर दी। भारत ने 6-0 के साथ फाइनल में जगह बना ली।

फाइनल में भारत का सामना अमेरिका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter