एफआईएच प्रो लीग: भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने मैच के बाद मिलाया हाथ

मुंबई, 27 जून । एफआईएच प्रो लीग में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा मुकाबले के बाद मैदान पर खेल भावना का एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते नजर आए।

मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले खेले गए मैच में भी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाया था। खिलाड़ियों का यह रुख इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि साल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद, भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में हाथ न मिलाने की नीति अपनाई थी।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टी20 एशिया कप के दौरान ऐसा फैसला हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने और भारतीय सेना के प्रति समर्थन दिखाने के लिए उठाया गया था। इसके बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम और अंडर-19 टीम ने भी यही रुख अपनाया। इतना ही नहीं, कुछ अन्य खेलों के भारतीय खिलाड़ियों ने भी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से मैच से पहले और बाद में हाथ नहीं मिलाया।

सूर्यकुमार यादव की टीम के इस फैसले ने पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोरीं, और ग्लोबल मीडिया ने सिर्फ इसके बारे में लिखने के लिए भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों को कवर किया। खेलों में हाथ मिलाना या विरोधी का अभिवादन करना सबसे सामान्य चलन में से एक है और इसे ज्यादातर शिष्टाचार और खेल भावना का हिस्सा माना जाता है। हालांकि, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 'नो हैंडशेक' पॉलिसी को तोड़ दिया है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्रिकेट के मैदान पर भारतीय खिलाड़ी हॉकी टीम द्वारा की गई पहल को आगे बढ़ाते हैं या फिर 'नो हैंडशेक' के चलन को बरकरार रखते हैं। मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से सुखजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, हार्दिक, जुगराज सिंह , अभिषेक , राज कुमार पाल , और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल दागा। पाकिस्तान की तरफ से एकमात्र गोल अबू महमूद ने किया। यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 17वीं जीत है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement