नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद 21 अगस्त को फिर से एक्शन में

नई दिल्ली, 4 अगस्त । ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा जल्द ही एक बार फिर एक्शन में दिखाई देंगे। नीरज 21 अगस्त को लॉजेन डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे।

21 अगस्त को होने वाले लॉजेन डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के अलावा दुनिया के दिग्गज जैवलिन थ्रोअर हिस्सा लेंगे। इस एथलीटों में ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब जीतने वाले एथलीट शामिल हैं।

लॉजेन डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के अलावा, मौजूदा ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम, हाल ही में कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीतने वाले श्रीलंका के पथिराज, त्रिनिदाद और टोबैगो के वॉलकॉट और ग्रेनाडा के पीटर्स शामिल होंगे।

लॉजेन में दर्शकों को थ्रो करने के अलग-अलग तरीके और अलग-अलग अंदाज देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता काफी मुश्किल और रोमांचक है। दिग्गज जैवलिन थ्रोअरों के बीच ग्रेनाडा के पीटर्स का 90.61 मीटर का मीटिंग रिकॉर्ड खतरे में पड़ सकता है।

स्विट्जरलैंड के साइमन वीलैंड, जो लगातार शानदार प्रोग्रेस कर रहे हैं, के साथ-साथ पिछले दो यूरोपियन चैंपियन - टोक्यो ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट चेकिया के जैकब वाडलेच और जर्मनी के जूलियन वेबर - के भी शामिल होने की पुष्टि हो गई है। दुनिया के नंबर दो अमेरिकी खिलाड़ी कर्टिस थॉम्पसन भी जीत के दावेदार होंगे।

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन के परिणाम पर गौर करें, तो श्रीलंका के रुमेश पथिराज ने तेज हवाओं जैसी मुश्किल परिस्थितियों में 89.75 मीटर के जबरदस्त थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। नीरज चोपड़ा 85.83 मीटर थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। यशवीर ने 85.41 मीटर का अब तक का अपना सबसे बेहतरीन थ्रो करके तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता। ओलंपिक 2024 और बर्मिंघम में गोल्ड जीतने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह 77.41 मीटर के थ्रो के साथ नौवें स्थान पर रहे। पीटर्स 83.88 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।

डायमंड लीग स्टैंडिंग में, 2022 के चैंपियन नीरज अभी पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं, जबकि पथिराज और पीटर्स 23-23 अंकों के साथ पहले ही फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter