ईरानी सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव का दावा, 'अमेरिका के साथ नहीं हुई कोई चर्चा, हम तैयार भी नहीं'

तेहरान, 2 मार्च। ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी का कहना है कि शांति स्थापित करने को लेकर उनकी अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है। स्थानीय मीडिया एजेंसी तस्नीम ने उनका ये बयान प्रकाशित किया है।

पश्चिमी मीडिया में तेहरान की वॉशिंगटन से बातचीत के अनुरोध का दावा करने वाली रिपोर्ट को लेकर, लारीजानी ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं करेगा।

सोमवार सुबह, वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दावा किया था कि लारीजानी ने अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करने का प्लान ओमानी पक्ष को भेज दिया है।

उन्होंने एक्स पर भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के 'भ्रम' ने मिडिल ईस्ट को अफरा-तफरी में डाल दिया है।

बता दें कि गुरुवार को हुई बातचीत का नया दौर दोनों पक्षों द्वारा "काफी पॉजिटिव" बताते हुए खत्म हुआ था। लेकिन शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त कार्रवाई की और तेहरान समेत देश के कई शहरों पर एयरस्ट्राइक की। दोनों देशों ने इसे ईरान की जनता और इंसानियत के पक्ष में किया गया हमला करार दिया था।

ओमान की मध्यस्थता में तेहरान और वॉशिंगटन के बीच इनडायरेक्ट न्यूक्लियर बातचीत जिनेवा में चल रही थी।

अटलांटिक मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान की नई लीडरशिप उनसे बात करना चाहती है और वह मान गए हैं। फ्लोरिडा में अपने घर से दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा, "वे बात करना चाहते हैं, और मैं बात करने के लिए मान गया हूं, इसलिए मैं उनसे बात करूंगा। उन्हें यह पहले कर लेना चाहिए था। उन्हें वह देना चाहिए था जो बहुत प्रैक्टिकल और आसान था। उन्होंने बहुत देर कर दी।" 

तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार यूएस-इजरायली हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई, कई सैन्य कमांडर और सैकड़ों आम लोग मारे गए। इसके बाद ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' शुरू किया है, जिसके तहत खाड़ी इलाके में मौजूद इजरायली ठिकानों और यूएस बेस पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement