पेइचिंग में चीन और लाओस के राष्ट्रपतियों के बीच वार्ता
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 5 जून की दोपहर राजधानी पेइचिंग स्थित जन बृहद भवन में चीन की राजकीय यात्रा पर आए लाओस के राष्ट्रपति थोंग्लून सिसोलिथ के साथ वार्ता की।

बीजिंग, 6 जून । चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 5 जून की दोपहर राजधानी पेइचिंग स्थित जन बृहद भवन में चीन की राजकीय यात्रा पर आए लाओस के राष्ट्रपति थोंग्लून सिसोलिथ के साथ वार्ता की।
इस दौरान शी चिनफिंग ने थोंग्लून सिसोलिथ को लाओ जन क्रांतिकारी पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और लाओस के राष्ट्रपति के रूप में पुनः निर्वाचित होने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि चीन हमेशा से लाओस को अपनी पड़ोसी कूटनीति में एक महत्वपूर्ण दिशा के रूप में देखता है। चीन, लाओस द्वारा अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुरूप समाजवाद के मार्ग पर आगे बढ़ने का दृढ़ समर्थन करता है और दोनों देशों के बीच पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, पारस्परिक लाभकारी सहयोग को गहरा करने तथा नए युग में साझा भविष्य वाले सर्वांगीण चीन-लाओस समुदाय के निर्माण को मजबूत करने के लिए तैयार है।
राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चीन-लाओस संबंधों को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के बीच साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए उच्च मानकों, उच्च गुणवत्ता और उच्च स्तर तक पहुंचने के संबंध में चार दृष्टिकोण प्रस्तुत किए: पहला, समाजवादी दिशा का पालन किया जाए। दोनों पक्षों को मिलकर समाजवादी व्यवस्था और कम्युनिस्ट पार्टी की सत्ताधारी स्थिति की रक्षा करनी चाहिए, घनिष्ठ रणनीतिक संवाद बनाए रखते हुए दोनों पार्टियों के बीच नई पंचवर्षीय सहयोग योजना को प्रभावी ढंग से लागू करना चाहिए और पार्टी व देश के शासन में अनुभव के आदान-प्रदान को गहरा करना चाहिए।
दूसरा, पारस्परिक लाभकारी सहयोग की नींव को मजबूत किया जाए। चीन लाओस के साथ रणनीतिक गठबंधन को मजबूत करते हुए सहयोग के क्षेत्रों का विस्तार करना चाहता है। दोनों पक्षों को चीन-लाओस रेलवे के प्रमुख परिवहन गलियारे के रूप में मौजूद फायदों का लाभ उठाकर चीन-लाओस आर्थिक गलियारे के भीतर सहयोग के उन्नयन और सुधार को बढ़ावा देना चाहिए। कृषि और बिजली जैसे पारंपरिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना चाहिए। चीन अपनी क्षमता के अनुसार लाओस को सहायता प्रदान करना जारी रखने को तैयार है।
तीसरा, दोनों देशों के लोगों के बीच की पारंपरिक मित्रता को मजबूत किया जाए। दोनों पक्षों को इस वर्ष के 'चीन-लाओस मैत्री वर्ष' से लाभ उठाकर संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना चाहिए, क्रांतिकारी संसाधनों का पता लगा कर दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ और आत्मीयता को मजबूत करना आवश्यक है। चीन, लाओस के साथ मिलकर प्रतिभा प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाली छोटी लेकिन प्रभावी परियोजनाओं को शुरू करने के लिए तत्पर है।
चौथा, विदेश नीतियों पर समन्वय मजबूत किया जाए। चीन लाओस द्वारा एक-चीन सिद्धांत के प्रति लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता, चार प्रमुख वैश्विक पहलों के प्रति उसके समर्थन, 'बेल्ट एंड रोड' में उसकी सक्रिय भागीदारी और चीन के मूल हितों व प्रमुख चिंताओं के प्रति उसके दृढ़ समर्थन की सराहना करता है। चीन को आशा है कि लाओस अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मामलों में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दोनों पक्षों को वैश्विक दक्षिण के साझा हितों की रक्षा के लिए बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना चाहिए।
बैठक में राष्ट्रपति थोंग्लून सिसोलिथ ने कहा कि लाओस पार्टी केंद्रीय समिति के महासचिव और राष्ट्रपति के रूप में पुनः निर्वाचित होने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लाओस और चीन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 65वीं वर्षगांठ और 'लाओस-चीन मैत्री वर्ष' के अवसर पर हो रही है, इसलिए इसका विशेष महत्व है।
थोंग्लून ने लाओस के विकास में चीन द्वारा दिए गए सहयोग और सहायता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चीन समाजवादी विकास का एक सफल उदाहरण बन चुका है और उसने विकासशील देशों को बहुमूल्य अनुभव प्रदान किए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में लाओस-चीन संबंध अपने इतिहास के सर्वश्रेष्ठ दौर में हैं। लाओस एक-चीन सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है और राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तुत वैश्विक पहलों का समर्थन करता है। लाओस, चीन के साथ रक्षा, कानून प्रवर्तन, व्यापार, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आधुनिक कृषि और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करना चाहता है।
वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने अंतर-दलीय संबंधों, जनकल्याण, वित्त, सीमा शुल्क, व्यापार, युवा आदान-प्रदान और मीडिया सहयोग से जुड़े कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होते हुए संयुक्त रूप से देखा।
वार्ता से पहले, शी चिनफिंग और उनकी पत्नी फंग लीयुआन ने जन बृहद भवन के पूर्वी द्वार चौक पर राष्ट्रपति थोंग्लून सिसोलिथ और उनकी पत्नी नाली सिसोलिथ के लिए स्वागत समारोह आयोजित किया।
उसी शाम, शी चिनफिंग दंपति ने जन बृहद भवन के गोल्डन हॉल में राष्ट्रपति थोंग्लून दंपति के सम्मान में स्वागत भोज का आयोजन किया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
Source: IANS

