ईरानी विदेश मंत्री अराघची से मिले पाक गृह मंत्री मोहसिन नकवी, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

तेहरान, 7 जून । अमेरिका-ईरान सीजफायर पर बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी तेहरान पहुंचे। उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ ही एक विशेष संदेश भी सौंपा। ये संदेश ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के नाम था।

ईरान की सरकार के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने तस्वीरें जारी करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और पड़ोसी देशों के रूप में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय स्थिति, सुरक्षा सहयोग और दोनों देशों के बीच संबंधों को नई दिशा देने संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा आपसी संवाद को और मजबूत करने पर जोर दिया। इसके साथ ही ईरान के खिलाफ जारी अमेरिका-इजरायल संघर्ष को समाप्त करने के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता में चल रही कूटनीतिक प्रक्रिया की ताजा स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने वार्ता के विभिन्न पहलुओं और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए।

रिपोर्ट के अनुसार, नकवी ने यह पत्र ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची को तेहरान में हुई मुलाकात के दौरान सौंपा। पत्र पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की ओर से भेजा गया बताया जा रहा है।

हालांकि पत्र की सामग्री सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन पाकिस्तानी और ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति और ईरान-अमेरिका संबंधों से जुड़े मुद्दों पर संदेश शामिल हो सकता है।

पाकिस्तान के गृह मंत्री उच्चस्तरीय चर्चा के लिए शनिवार को तेहरान पहुंचे। उनकी यह आधिकारिक यात्रा इस्लामाबाद की मध्यस्थता संबंधी कूटनीतिक कोशिशों का हिस्सा मानी जा रही है।

ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, नकवी अपने दौरे के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, द्विपक्षीय संबंधों और ईरान-अमेरिका वार्ता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

तेहरान रवाना होने से पहले नकवी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। ईरानी मीडिया के अनुसार, इस दौरान उन्हें तेहरान और वाशिंगटन के बीच जारी वार्ताओं के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 48 घंटों में नकवी ने किर्गिस्तान में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी के साथ दो बार बातचीत की थी। इन बैठकों में क्षेत्रीय घटनाक्रम और दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement