जकार्ता में बोले पीएम मोदी- आजकल पूरी दुनिया में 'फुटबॉल फीवर',

जकार्ता, 7 जुलाई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन देशों (इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के दौरे पर हैं। मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने 'फीफा वर्ल्ड कप' का जिक्र किया।

11 जून से 19 जुलाई के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में खेला जा रहा है। 48 देशों के बीच 104 मैच कुल 16 शहरों में आयोजित हो रहे हैं।

पीएम मोदी ने जकार्ता में फुटबॉल के महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा, "आजकल पूरी दुनिया में फुटबॉल फीवर चल रहा है। यहां इंडोनेशिया में भी फुटबॉल की दीवानगी जबरदस्त है। आप सभी वही एनर्जी और जोश यहां भी लेकर आए हैं और यह दिखाई दे रहा है। एक अजब संयोग बना है, शायद आपने भी यह नोटिस किया होगा, लेकिन मैं इसका जिक्र करना चाहता हूं। मैं जब भी इंडोनेशिया आया हूं, फीफा वर्ल्ड कप का तूफान छाया रहता है।"

उन्होंने कहा, "पहली बार 1998 में जकार्ता में कार्यक्रम हुआ था। फिर हम 2022 में बाली में मिले थे और अब 2026 में फिर से जकार्ता में ही संवाद हो रहा है। तीनों बार इंडोनेशिया में फुटबॉल की गूंज रही है, लेकिन साथियों इंडोनेशिया में इन तीनों कार्यक्रमों का 'मैन ऑफ द मैच' एक ही है- इंडोनेशिया में रहने वाले आप सभी लोग। आप सभी लोग 'मैन ऑफ द मैच' हैं। आपने इतना भव्य आयोजन किया है। आप भव्य भारत की जीती-जागती तस्वीर बने हैं। यहां इतने सारे लोग आए हैं। इस बार मैं अकेला नहीं आया हूं, इस बार मेरे साथ मेरे परम मित्र राष्ट्रपति प्रबोवो सुवियांतो भी साथ आए हैं।"

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे हैं, जहां भारत और इंडोनेशिया के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका के लिए उन्हें इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' से सम्मानित किया गया है। पीएम मोदी ने घोषणा की है कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु अपना पहला विदेशी परिसर इंडोनेशिया के जावा में स्थापित करेगा। इसके साथ ही दोनों देशों ने स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में भी समझौते किए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter