न्यूयॉर्क पेन स्टेशन पर चाकूबाजी की घटना में पांच लोग घायल, एक की हालत गंभीर
न्यूयॉर्क पेन स्टेशन पर चाकूबाजी की घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना रविवार रात हुई।

न्यूयॉर्क, 8 जून । न्यूयॉर्क पेन स्टेशन पर चाकूबाजी की घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना रविवार रात हुई।
फायर डिपार्टमेंट ऑफ न्यूयॉर्क सिटी के हवाले से सीबीएस न्यूज ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि एक संदिग्ध को जल्द ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, माना जा रहा है कि उस व्यक्ति को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हैं।
सीबीएस न्यूज का हवाला देते हुए सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया कि पुलिस के अनुसार मामले की आपराधिक जांच अभी जारी है और फिलहाल आतंकवाद से जुड़ा कोई संकेत नहीं मिला है। लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की है, क्योंकि वहां ट्रैफिक जाम, सड़क बंद होने और मेट्रो/ट्रांजिट में दिक्कतें हो सकती हैं।
न्यूयॉर्क पेन स्टेशन को पश्चिमी गोलार्ध का सबसे व्यस्त रेल हब माना जाता है, जहां हर दिन छह लाख से ज्यादा यात्री आते-जाते हैं।
इससे पहले शनिवार दोपहर को, अमेरिका के ओहियो राज्य के टोलेडो में एक कम्युनिटी फेस्टिवल के पास 12 लोगों को गोली मार दी गई थी, जिनमें दो की हालत गंभीर है।
टोलेडो के डिप्टी पुलिस चीफ जो हेफ़रनन ने बताया कि दो लोग आपस में फायरिंग कर रहे थे। पुलिस अभी भी संदिग्धों की तलाश कर रही है और लोगों से इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई है।
टोलेडो पुलिस विभाग के अधिकारी लगभग शाम 5:37 बजे (स्थानीय समय) ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास गोली चलने की सूचना पर पहुंचे और वहां कई घायल लोगों को पाया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल दो दिन चलने वाला कार्यक्रम है, जिसमें लाइव संगीत, खाने-पीने के स्टॉल, घरों के टूर और शॉपिंग जैसी चीजें होती हैं।
इसके अलावा, बुधवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक हाई स्कूल ग्रेजुएशन समारोह के बाद गोलीबारी हुई, जिसमें एक किशोर की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
Source: IANS

