फीफा वर्ल्ड कप: क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले बढ़ी इंग्लैंड की मुश्किलें, रीस जेम्स के खेलने पर संशय बरकरार

कैनसस सिटी, 9 जुलाई । फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले से पहले इंग्लैंड फुटबॉल टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के स्टार डिफेंडर रीस जेम्स का नॉर्वे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलना अभी तय नहीं है। हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे जेम्स बुधवार को भी टीम के साथ ट्रेनिंग नहीं कर पाए।

रीस जेम्स को घाना के खिलाफ इंग्लैंड के दूसरे ग्रुप मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। गोलरहित ड्रॉ रहे इस मैच के बाद से वह टीम से बाहर हैं। वह रविवार को मेक्सिको के खिलाफ खेले गए राउंड ऑफ-16 मुकाबले में भी मैदान पर नहीं उतर सके थे। इंग्लैंड ने इस मैच में मेक्सिको को 3-2 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई है।

इंग्लैंड के कोच थॉमस ट्यूशेल के लिए डिफेंस को लेकर चिंता बढ़ गई है। मेक्सिको के खिलाफ मैच में जेरेल क्वांसाह को रेड कार्ड मिला था, जिसके कारण वह नॉर्वे के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में राइट-बैक पोजीशन पर टीम के पास विकल्प सीमित हो गए हैं। मेक्सिको पर रोमांचक जीत के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों को आराम और रिकवरी का समय दिया गया था। इसके बाद टीम के ज्यादातर खिलाड़ी स्वोप सॉकर विलेज में ट्रेनिंग के लिए लौटे। हालांकि, मार्क गुएही, रीस जेम्स और डेक्लान राइस ने सुबह के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। ये खिलाड़ी पहले से ही अलग-अलग व्यक्तिगत कार्यक्रम के तहत काम कर रहे थे।

डेक्लान राइस ने संकेत दिया है कि वह थोड़ी परेशानी के बावजूद खेलने के लिए तैयार हैं। वहीं, गुएही की गैरमौजूदगी को मांसपेशियों की थकान से जोड़ा गया है। इस बीच, अनुभवी मिडफील्डर जॉर्डन हेंडरसन भी टीम के साथ बने हुए हैं। मेक्सिको के खिलाफ जीत का जश्न मनाने के दौरान उनकी कलाई में गंभीर चोट लगी थी। उनकी सफल सर्जरी के बाद वह वापस इंग्लिश कैंप में लौट आए हैं। टीम ने बताया कि हेंडरसन फिलहाल होटल में आराम कर रहे हैं और उनकी हालत बेहतर है। इंग्लैंड के पास मियामी में होने वाले क्वार्टर-फाइनल मुकाबले से पहले दो दिन की ट्रेनिंग का समय बचा है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम का सामना सेमीफाइनल में अर्जेंटीना या स्विट्जरलैंड से होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement