भारत सुधारों के दम पर बना मजबूत, विकास दर में जी20 देशों में सबसे आगे: ऑस्ट्रेलियाई इंडस्ट्री

मेलबर्न, 9 जुलाई । भारत सुधारों के दम वर्तमान समय में एक मजबूत देश बन गया है और बीते पांच वर्षों से करीब 8 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है, जो कि जी20 देशों में सबसे अधिक है। यह बयान ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज इंडस्ट्री लीडर्स ने गुरुवार को दिया।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में एएनजेड के सीईओ नुनो माटोस ने कहा कि इस समय भारत एक बहुत मजबूत देश है। भारत ने कई सुधार किए हैं। देश बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी और ईवी जैसे सेक्टर के आधार पर भविष्य के लिए अपने बिजनेस को बदल रहा है। इस कारण दुनिया का ध्यान भी भारत की ओर जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले पांच सालों में भारत की विकास दर लगभग 8 प्रतिशत रही है। जी20 देशों में विकास के मामले में यह सबसे आगे है। यह एक ऐसी सच्चाई है जिसे रोका नहीं जा सकता और मुझे लगता है कि अब भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक है।

ऑस्ट्रेलियनसुपर के सीईओ पॉल श्रोडर ने कहा कि भारत के आर्थिक विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घकालिक सोच और व्यापार एवं निवेश के बारे में उनकी समझ ने देश में निवेशकों के विश्वास को मजबूत किया है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए श्रोडर ने कहा कि उन्होंने पहले भी पीएम मोदी से बातचीत की है और वे बिजनेस और लंबे समय के लिए निवेश करने वालों के साथ जुड़ने के उनके तरीके से प्रभावित हुए हैं।

श्रोडर ने कहा, "मुझे पहले भी पीएम मोदी से मिलने का मौका मिला है और उन्होंने हमेशा मुझे भरोसा दिलाया है कि वे बिजनेस और निवेश को समझते हैं। वे भारत की समृद्धि के बारे में लंबे समय की सोच रखते हैं और यह पक्का करते हैं कि निवेशकों को स्थिर पॉलिसी और भविष्य के लिए अच्छा माहौल मिले।"

वहीं, पॉपुलस के सीनियर प्रिंसिपल, ग्लोबल डायरेक्टर और को-फाउंडर पॉल हेनरी ने कहा, "आज का दिन बहुत सफल रहा और पीएम अल्बानीज के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होकर पीएम मोदी ने जबरदस्त कमिटमेंट दिखाया है। मुझे लगता है कि यह ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंधों के लिए एक बहुत अच्छा संकेत है। 2036 में संभावित ओलंपिक्स और 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद को पीएम मोदी का समर्थन बहुत उत्साहजनक है। इससे पता चलता है कि भारत में इस समय कैसी भविष्य की सोच है और हम आगे चलकर जबरदस्त ग्रोथ देख सकते हैं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement