भारत-स्लोवाकिया सांस्कृतिक संबंधों की मिसाल बना 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट', पीएम मोदी ने की सराहना
दो दिवसीय दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी।

ब्रातिस्लावा, 15 जून । दो दिवसीय दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। पीएम ने रविवार के कार्यक्रम की एक अद्भुत और सुखद झलकी साझा की। ये 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट' का अंश था।
44 सेकंड की वीडियो क्लिप में प्रोजेक्ट के सदस्य 'शंभू-शंभू' का जाप करते और विभिन्न वाद्ययंत्रों से समां बांधते देखे जा सकते हैं। प्रधानमंत्री भी उनके साथ ताली बजा कर उत्साहवर्धन करते दिख रहे हैं। जैसे ही प्रस्तुति संपन्न होती है, पीएम "ओम शांति" कह कर अभिवादन करते हैं।
सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने एक पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने स्लोवाकिया में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाले इस प्रोजेक्ट की सराहना की और कहा, "यह पहल भारत और स्लोवाकिया के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित करती है।"
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने ब्रातिस्लावा में इस समूह का प्रस्तुतीकरण देखा और उनकी कला से प्रभावित हुए। यह देखकर प्रसन्नता हुई कि टीम भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं, संस्कृत मंत्रों और भारत की सांस्कृतिक विरासत से गहराई से प्रेरित है।
पीएम मोदी ने समूह के संस्थापक मेरेक जिलिनेक और पूरी टीम को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।
मेरेक ड्रमर हैं। उनके विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दी गई जानकारी के अनुसार वो स्लोवाकिया के आध्यात्मिक संगीत समूह 'महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट' के संस्थापक हैं। उन्होंने भारत यात्रा से प्रेरित होकर भारतीय भजनों, मंत्रों और कीर्तन को स्लोवाकिया के दर्शकों तक पहुंचाया।
मेरेक ने भी भारतीय दूतावास की ओर से मुहैया कराए गए इस अवसर को सुखद बताते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी में इन अनमोल पलों को साझा किया। उन्होंने लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री ने भी उनकी स्प्रीचुअल परफॉर्मेंस (आध्यात्मिक प्रस्तुति) को पसंद किया।
प्रधानमंत्री रविवार को स्लोवाकिया पहुंचे। उन्होंने अविस्मरणीय स्वागत का जिक्र सोमवार सुबह को अलग-अलग पोस्ट में किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, " रविवार शाम ब्रातिस्लावा में हुआ स्वागत सच में खास था। मैं भारतीय समुदाय के लोगों के प्यार और स्नेह के लिए उनका शुक्रगुजार हूं। ऐसे संकेत हमारे लोगों को जोड़ने वाले अटूट संबंधों को दिखाते हैं और भारत-स्लोवाकिया की दोस्ती को मजबूत करते हैं।"
प्रधानमंत्री का स्वागत स्लोवाकिया के पारंपरिक तरीके रोटी और नमक से किया गया। पीएम मोदी ने स्लोवाक के इस पारंपरिक तरीके पर भी जोर दिया। इसे लेकर पीएम मोदी ने कहा, "ब्रातिस्लावा में स्वागत में पारंपरिक रूप से रोटी और नमक दिया गया, जो स्लोवाकिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सद्भावना और दोस्ती के मूल्यों की एक सुंदर झलक है।" अपने दौरे पर पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के मायजावा इलाके के लोक कलाकारों के समूह कोपनिसियारिक की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी देखी।
जिसे देखने के बाद उन्होंने कहा, "स्लोवाकिया के मायजावा इलाके के कोपनिसियारिक की शानदार प्रस्तुति देखी। इस तरह की लोक परंपराएं किसी की संस्कृति और इतिहास को बचाए रखने में मदद करती हैं।"
Source: IANS

