व‍िदेश मंत्री का बेल्जियम दौरा: व्यापार, सेमीकंडक्टर और स्वास्थ्य क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर बनी सहमति

नई दिल्ली, 16 मार्च। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर दो दिवसीय बेल्जियम दौरे पर हैं। जयशंकर ने अपनी यात्रा के दूसरे द‍िन ब्रुसेल्स में बेल्जियम के विदेश मंत्री मैक्सिम प्रेवो से मुलाकात की। 

इस वार्ता के दौरान दोनों देशों के मध्‍य व्यापार और निवेश, स्वास्थ्य और नवाचार के क्षेत्रों में अपने सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, एस जयशंकर का यह दौरा 16वें इंडिया-ईयू समिट के तुरंत बाद हो रहा है। इस दौरे का मकसद हाल की बातचीत को आगे बढ़ाते हुए रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करना है।

इसे लेकर एस. जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर कहा, "ब्रुसेल्स के दूसरे दिन की शुरुआत बेल्जियम के विदेश मंत्री मैक्सिम प्रेवो से मुलाकात के साथ हुई। व्यापार और निवेश, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में अपने सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। हमारे बीच एक रणनीतिक संवाद स्थापित करने पर सहमति बनी।''

इससे पहले मंत्री जयशंकर ने एक अन्‍य पोस्‍ट में साइप्रस के विदेश मंत्री से हुई बातचीत का ज‍िक्र करते हुए ल‍िखा, "आज ब्रुसेल्स में साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस से मिलकर बहुत खुशी हुई। हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। यूरोपीय संघ (ईयू) परिषद की अध्यक्षता संभालते हुए यूरोपीय संघ और भारत के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने में साइप्रस के सहयोग की हम सराहना करते हैं।''

बता दें कि भारत-ईयू के संबंध 2026 में ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। इस साल की शुरुआत में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी आर्थिक और भू-राजनीतिक तालमेल में बदल गई है। दोनों पक्षों ने व्यापार, सुरक्षा, तकनीक, सतत विकास और वैश्विक मुद्दों पर संबंधों को मजबूत किया है।

जनवरी 2026 में भारत और यूरोपीय संघ के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता हुआ। ईयू और भारत के बीच यह समझौता तब हुआ, जब अमेरिका टैरिफ का दबाव बनाकर सभी देशों के साथ अपनी शर्तों पर व्यापार करना चाहता था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement