पीएम मोदी का जिनेवा में स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति पारमेलिन ने किया स्वागत, जी-7 में शामिल होने फ्रांस जाएंगे

नई दिल्ली, 16 जून । भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए स्लोवाकिया से जिनेवा पहुंच गए हैं। यहां पर स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी यहां से जी-7 समिट में शामिल होने के लिए एवियन जाएंगे।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पीएम नरेंद्र मोदी जी-7 समिट में हिस्सा लेने के लिए एवियन जाते हुए जिनेवा पहुंच गए हैं। स्विट्जरलैंड के प्रेसिडेंट गाय पारमेलिन ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया और भारत-स्विट्जरलैंड पार्टनरशिप को और मजबूत करने का अपना वादा दोहराया।"

बता दें, पीएम मोदी यूरोपीय देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव में फ्रांस पहुंच रहे हैं। इससे पहले उन्होंने स्लोवाकिया का दो दिवसीय दौरा पूरा किया। पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के दौरे को लेकर कहा कि इसके नतीजे हमारे देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में बहुत काम आएंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "स्लोवाकिया की ऐतिहासिक और सकारात्मक यात्रा पूरी हो रही है। इस यात्रा के नतीजे हमारे देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में बहुत काम आएंगे। मजबूत व्यापारिक संबंधों से हमारे युवाओं को बहुत फायदा होगा। इस गर्मजोशी के लिए स्लोवाकिया सरकार और लोगों का शुक्रिया।"

वहीं, विदेश मंत्रालय ने लिखा, "स्लोवाकिया के सफल दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 समिट में शामिल होने के लिए फ्रांस के एवियन के लिए रवाना हो गए हैं।"

भारत और स्लोवाकिया के संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को स्लोवाक की राजधानी पहुंचे और दोनों देशों ने एक अहम रक्षा समझौते समेत कई डील पर हस्ताक्षर किया। विदेश सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा कि स्लोवाक पीएम रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर पीएम मोदी का पूरे राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया गया।

विदेश सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा, "इस दौरे की अहमियत तब और बढ़ गई जब राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रेसिडेंशियल पैलेस में भारतीय नेता को ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस फर्स्ट क्लास से सम्मानित किया। यह स्लोवाकिया का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है और बहुत कम विदेशी मेहमानों को दिया गया है।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement