ट्रंप की पूर्व सहयोगी बोलीं, 'ईरान से संघर्ष का नतीजा भुगतेंगे अमेरिका के किसान'

वाशिंगटन, 28 अप्रैल । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व सहयोगी और अब आलोचक मार्जोरी टेलर ग्रीन ने सोशल मीडिया पर ईरान के खिलाफ हथियारों के इस्तेमाल और संघर्ष की सख्त निंदा की है। पिछले कुछ दिनों से वो लगातार ट्रंप प्रशासन को विभिन्न तरीकों से घेरती आई हैं लेकिन इस बार उन्होंने जमीन से जुड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने यूएस के किसानों पर पड़ने वाले गंभीर असर की बात की है।

अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से उन्होंने लिखा, “भविष्य में एक दिन, माता-पिता अपने बच्चों को बताएंगे कि ईरान के खिलाफ ट्रंप के संघर्ष की वजह से ही खेत खराब हुए क्योंकि किसान खाद या उर्वरक नहीं खरीद पाए और खेती की लागत बहुत ज्यादा हो गई थी।”

उन्होंने अमेरिकन फार्म ब्यूरो फेडरेशन के एक सर्वे को शेयर करते हुए अपनी बात रखी। इस सर्वे में पाया गया कि लगभग 70 प्रतिशत अमेरिकी किसान अपनी जरूरत के सभी उर्वरक नहीं खरीद पा रहे हैं और इससे बचने के लिए वो सीमित खेती कर रहे हैं।

पूर्व कांग्रेस सदस्य ने संघर्ष का समर्थन करने वाले रिपब्लिकन सीनेटर की भी आलोचना करते हुए कहा, “दुनिया में शांति के बजाय लिंडसे ग्राहम चाहते हैं कि ‘न्यूक्लियर बम गिराया जाए और ट्रंप को बॉलरूम बनाने के लिए 400 मिलियन डॉलर दे दिए जाएं!'”

पिछले कुछ दिनों से ग्रीन लगातार ट्रंप की नीतियों पर सवाल उठा रही हैं। पूर्व प्रतिनिधि मार्जोरी टेलर ग्रीन के अनुसार आर्थिक मोर्चे पर ट्रंप की नीति खास असर नहीं दिखा पा रही है। उन्होंने राजनीतिक विचारधारा को लेकर बदलती सोच की ओर ध्यान दिलाया। ग्रीन ने कहा कि जो बाइडेन के राष्ट्रपति रहते महंगाई खूब बढ़ी, लेकिन ये भी सच है कि अमेरिकी लोग आर्थिक मामलों में रिपब्लिकन के बजाय अब भी डेमोक्रेट्स को पसंद करते हैं।

ग्रीन ने बाइडेन राज में 9 फीसदी महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि रिपब्लिकन "रहने-सहने के खर्च और घरेलू मामलों में इतनी बुरी तरह फेल हो रहे हैं" कि फॉक्स न्यूज के एक पोल से पता चलता है कि अमेरिकी लोग अर्थव्यवस्था के मामले में डेमोक्रेट्स को पसंद करने लगे हैं। यूएस-ईरान संघर्ष की वजह से मार्च में अमेरिकी महंगाई चार साल के सबसे ऊंचे लेवल पर पहुंच गई थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement