ईरान ने अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ा तनाव

तेहरान, 29 मई । ईरान के दक्षिणी प्रांत बुशहर में गुरुवार रात एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए। ईरानी मीडिया के मुताबिक एक घुसपैठ करने वाले अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया।

अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने एक सैन्य सूत्र के हवाले से कहा कि ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली ने बुशहर के पास एक अमेरिकी ड्रोन को मिसाइल दागकर रोक दिया।

समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि ईरान की सेना ने देश के दक्षिणी इलाकों से कुछ लक्ष्यों पर मिसाइलें दागीं। कुछ स्थानीय सूत्रों ने खाड़ी क्षेत्र में झड़पों की संभावना भी जताई।

समाचार एजेंसी मेहर ने कहा कि ईरानी सेना ने होर्मुज स्‍ट्रेट के पास चार जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। बताया गया कि ये जहाज ईरान से बिना समन्वय किए जलमार्ग पार करने की कोशिश कर रहे थे।

गुरुवार तड़के ईरानी मीडिया ने बंदर अब्बास शहर के पूर्वी हिस्से में तीन धमाकों की खबर दी।

बाद में कई अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि अमेरिकी सेना ने रातभर ईरान में हमले किए। इन हमलों में एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया, जिसे वॉशिंगटन ने अमेरिकी सैनिकों और व्यावसायिक जहाजों के लिए खतरा बताया।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने गुरुवार सुबह बंदर अब्बास पर अमेरिकी हमलों के जवाब में एक अमेरिकी एयर बेस पर हमला किया।

इस बीच, मंगलवार को ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही वार्ताओं में अपने 24 अरब डॉलर के फ्रीज फंड जारी करने की मांग की थी। तस्नीम की रिपोर्ट के अनुसार, यह मांग युद्ध खत्म करने को लेकर हो रही बातचीत के दौरान उठाई गई।

ईरान, अमेरिका और इजरायल ने 40 दिनों की लड़ाई के बाद 8 अप्रैल को युद्धविराम पर सहमति जताई थी। इसके बाद 11 और 12 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता हुई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका।

पिछले कुछ हफ्तों में दोनों पक्षों ने पाकिस्तान की मध्यस्थता में संघर्ष खत्म करने की शर्तों को लेकर कई प्रस्तावों का आदान-प्रदान किया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement