जहाज पर हमले के बाद यूक्रेन और ईरान के विदेश मंत्रियों ने फोन पर की बातचीत

कीव, 29 जुलाई । यूक्रेन के कार्यवाहक विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने ईरान के अपने समकक्ष सैयद अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने खुद यह जानकारी दी।

आंद्री सिबिहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "मैंने ईरान के विदेश मंत्री अराघची से खुलकर बातचीत की। कूटनीति का मतलब है सीधी बातचीत, भले ही वह मुश्किल हो। मैंने इस बात पर जोर दिया कि हमारा मकसद तनाव को बेवजह बढ़ने से रोकना है।"

उन्होंने पोस्ट में लिखा, "मैंने दोहराया कि यूक्रेन की सभी कार्रवाइयों का मकसद सिर्फ रूस के हमले से अपने देश की रक्षा करना है, न कि आम नागरिकों के जहाजों या लोगों को निशाना बनाना।"

यूक्रेन के विदेश मंत्री ने 'एक्स' पोस्ट में आगे कहा, "हाल ही में हुई उस घटना के संबंध में भी यही बात लागू होती है, जिसमें ईरान ने अपने एक नागरिक की मौत और एक नागरिक जहाज को निशाना बनाए जाने का दावा किया।"

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने यूक्रेन पर शनिवार को कैस्पियन सागर में एक ईरानी कमर्शियल जहाज पर हमला करने का आरोप लगाया, जिससे जहाज में विस्फोट हुआ और एक नाविक की मौत हो गई।

सिबिहा ने कहा कि हमारा लक्ष्य रूस के हमले का मुकाबला करना है, जो सभी घटनाओं की असली वजह है, और रूस ही सभी उकसावे और मौतों के लिए पूरी तरह जिम्मेदार है।

सिबिहा ने लिखा, "मैंने किसी भी तरह के उकसावे वाले कदम से बचने और यूक्रेन के खिलाफ रूस की लड़ाई के लिए किसी भी तरह का सपोर्ट खत्म करने की जरूरत पर बात की। यह लड़ाई गैर-कानूनी है और इसे खत्म होना चाहिए। हमारा रुख पहले जैसा ही है। यूरोप और मध्य पूर्व स्थिरता, सुरक्षा और शांति के हकदार हैं।"

इससे पहले, मंगलवार को अराघची ने कहा कि उनके यूक्रेनी समकक्ष आंद्री सिबिहा ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि शनिवार को ईरानी कमर्शियल जहाज पर यूक्रेन का हमला अनजाने में हुआ था और यूक्रेन तनाव नहीं बढ़ाना चाहता।

'एक्स' पोस्ट में अराघची ने कहा कि ईरान भी तनाव नहीं बढ़ाना चाहता, लेकिन यह साफ कर दिया कि हमारे नागरिकों या हितों पर कोई भी हमला मंजूर नहीं है। नुकसान की भरपाई होनी चाहिए। वहीं, ईरानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में हमले की निंदा करते हुए कहा कि इससे जहाज में विस्फोट हुआ और एक नाविक की मौत हो गई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement