ईरान के राजदूत ने चेल्डियन चर्च प्रमुख से की मुलाकात, धार्मिक अल्पसंख्यकों के समर्थन की पुष्टि की

नई द‍िल्‍ली, 31 मई । ईरान के इराक में राजदूत ने हाल ही में चेल्डियन चर्च के नए प्रमुख से मुलाकात की और क्षेत्रीय स्थिरता और धार्मिक अल्पसंख्यकों के प्रति तेहरान के समर्थन को दोहराया। साथ ही उन्होंने चर्च प्रमुख को ईरान आने का आधिकारिक निमंत्रण भी दिया।

राजदूत मोहम्मद काजम अल-सादिक ने मार पॉलस तृतीय नोना से मुलाकात की। मार पॉलस को हाल ही में इराक और पूरी दुनिया में चेल्डियन चर्च का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस बैठक में ईरान की संसद में असीरियन और चेल्डियन ईसाइयों के प्रतिनिधि चार्ली अनुयेह तक्के भी मौजूद थे।

मुलाकात के दौरान अल-सादेक ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने और धार्मिक शांति को बढ़ावा देने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रेजिस्टेंस फ्रंट की कामयाबियों की सराहना की और कहा कि इलाके की मौजूदा सुरक्षा, शांति और स्थिरता, साथ ही पवित्र धार्मिक जगहों की सुरक्षा, इलाके के लोगों, जिनमें मुस्लिम और ईसाई शामिल हैं, के मिले-जुले बलिदानों का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में लेफ्टिनेंट जनरल कासिम सुलेमानी और अबू महदी अल-मुहांदिस की भूमिका बहुत अहम रही है।

राजदूत ने यह भी दोहराया कि ईरान का सिद्धांत हमेशा से यह रहा है कि चेल्डियन ईसाई समुदाय की एकता और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखा जाए, और उन्हें इराक के समाज का एक अहम हिस्सा माना जाए।

उन्होंने चेल्डियन चर्च के नए प्रमुख को ईरान आने और देश के ईसाई समुदाय से मिलने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। दूसरी तरफ, चेल्डियन चर्च के नए प्रमुख ने ईरान की धार्मिक अल्पसंख्यकों के प्रति समर्थन वाली नीति को बहुत सराहनीय बताया।

उन्होंने पूजा स्थलों पर किसी भी तरह के हमलों पर दुख जताया और कहा कि जिस तरह से इस क्षेत्र में आतंकवाद को खत्म करने और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की सुरक्षा में मदद और समर्थन मिला, वह काफी महत्वपूर्ण और सकारात्मक रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement