ईरान की चेतावनी: होर्मुज स्‍ट्रेट से आवाजाही केवल उसकी अनुमति से होगी, अमेरिकी दखल पर होगी कार्रवाई

लंदन, 31 मई । ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नेवी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका होर्मुज स्‍ट्रेट के 'प्रबंधन' में किसी भी तरह का दखल देता है, तो उसे कड़ी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण इस जलमार्ग के पास फंसे कुछ जहाजों के चालक दल की ओर से उपलब्ध कराई गई सार्वजनिक समुद्री रेडियो चैनल की रिकॉर्डिंग में आईआरजीसी नेवी ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में चल रहे जहाजों को चेतावनी जारी की।

चेतावनी में कहा गया कि होर्मुज स्‍ट्रेट अभी भी बंद है और वहां से गुजरने की अनुमति केवल आईआरजीसी नेवी की मंजूरी और ईरान की ओर से तय किए गए मार्गों के जरिए ही दी जाएगी।

इसमें यह भी कहा गया कि नियमों का उल्लंघन करने से समुद्री सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।

रेडियो प्रसारण में आईआरजीसी नेवी ने यह भी कहा कि अगर अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्‍ट्रेट के 'प्रबंधन में हस्तक्षेप' करने या जहाजों की आवाजाही में बाधा डालने की कोशिश करती है, तो उसके खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई की जाएगी।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह होर्मुज स्‍ट्रेट में ईरानी जहाजों पर लगाए गए अमेरिकी अवरोध (ब्लॉकेड) को हटा देंगे।

हालांकि, शुक्रवार को जॉइंट मैरीटाइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (जेएमआईसी) की ओर से जारी एक नोटिस में कहा गया कि ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी प्रतिबंध अभी भी लागू हैं और जहाजों को ईरान के बंदरगाहों में प्रवेश करने या वहां से निकलने की अनुमति नहीं है।

जेएमआईसी, जो अमेरिका के नेतृत्व वाले ढांचे के तहत काम करने वाली एक बहुराष्ट्रीय समुद्री सलाहकारी संस्था है, ने यह भी चेतावनी दी कि जो जहाज इन प्रतिबंधों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ अमेरिकी बल कार्रवाई कर सकते हैं। इसमें जहाजों को निष्क्रिय करना या नष्ट करना भी शामिल हो सकता है।

इसी सार्वजनिक समुद्री रेडियो चैनल की अन्य रिकॉर्डिंग से यह भी पता चला कि शनिवार तड़के एक अमेरिकी सैन्य विमान ने एक जहाज को चेतावनी दी। विमान ने उसे तुरंत लौटने का निर्देश दिया और कहा कि उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement