ईरान की ओर बढ़ रहे मालवाहक जहाज को अमेरिकी सेना ने निष्क्रिय किया: सेंटकॉम

वाशिंगटन, 31 मई । अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा है कि उसने गाम्बिया के झंडे वाले एक समुद्री जहाज को निष्क्रिय कर दिया, जो ईरान के एक बंदरगाह की ओर जा रहा था।

सेंटकॉम ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, "सेंटकॉम बलों ने एम/वी लियान स्टार को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से होकर ओमान की खाड़ी में स्थित एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाते हुए देखा। जहाज को 20 से ज्‍यादा चेतावनियां दी गईं और उसे बताया गया कि वह अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहा है।"

बयान के अनुसार, "जब लियान स्टार के चालक दल ने निर्देशों का पालन नहीं किया, तो एक अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन कक्ष पर हेलफायर मिसाइल दागकर उसे निष्क्रिय कर दिया। अब यह जहाज ईरान की ओर आगे नहीं बढ़ रहा है।"

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सेंटकॉम ने कहा कि इस नौसैनिक नाकाबंदी के दौरान अमेरिकी सेना अब तक कुल पांच वाणिज्यिक जहाजों को निष्क्रिय कर चुकी है और 116 जहाजों का रास्ता बदल चुकी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत रुक जाने के बाद इस नाकाबंदी की घोषणा की थी।

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शनिवार को कहा कि यह नाकाबंदी 'पूरी तरह लागू है', जबकि ऐसी खबरें सामने आई हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्‍ट्रेट को फिर से खोलने को लेकर एक प्रारंभिक समझौता हुआ है, जिस पर ट्रंप ने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है।

यह नाकाबंदी ईरानी जहाजों और उन जहाजों पर लागू होती है जो ईरानी बंदरगाहों की ओर जा रहे हैं। पेंटागन का अनुमान है कि इससे इस महीने की शुरुआत तक ईरान को तेल राजस्व में लगभग 4.8 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।

इससे पहले, 19 अप्रैल को अरब सागर में तैनात अमेरिकी बलों ने एक ईरानी झंडे वाले मालवाहक जहाज के खिलाफ भी नाकाबंदी संबंधी कार्रवाई की थी, जो एक ईरानी बंदरगाह की ओर जा रहा था।

गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक यूएसएस स्प्रूएंस (डी डी जी 111) ने एम/वी टौस्का को उत्तरी अरब सागर में उस समय रोका, जब वह 17 नॉट की रफ्तार से ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था। अमेरिकी बलों ने जहाज को कई चेतावनियां दीं और बताया कि वह अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement