महाराष्ट्र: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा, कंटेनर पलटने से दो लोगों की मौत
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया है। एक कंटेनर के पलट जाने और फिर दूसरे ट्रक से टकराने से ट्रक में सवार दो लोगों की मौत हो गई।

खोपोली, 1 जून । मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया है। एक कंटेनर के पलट जाने और फिर दूसरे ट्रक से टकराने से ट्रक में सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहां से गुजर रही एक कार में सवार 80 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बता दें कि इससे पहले 28 मई को मुंबई-गोवा हाईवे पर परशुराम घाट में केमिकल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चालक की मौत हो गई थी। टैंकर लोटी से गोवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान परशुराम घाट के खतरनाक मोड़ पर अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ढलान और तेज रफ्तार के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
24 मई को भी महाराष्ट्र के वाशिम जिले में बड़ा हादसा हुआ था। वर्धा जिले की ओर डीजल लेकर जा रहे टैंकर से ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ड्राइवर टैंकर की केबिन के नीचे फंस गया। वहीं, टैंकर से लगातार डीजल रिसाव होने के कारण मौके पर विस्फोट का खतरा भी पैदा हो गया था।
14 मई को भी मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया था। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी और 20 घायल हो गए थे। हादसा धाणीवरी इलाके के पास हुआ, जहां बारातियों से भरे टेंपो और एक तेज रफ्तार कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
Source: IANS
