झारखंड: गैस टैंकर हटाने में देरी के बीच बेकाबू ट्रेलर ने दो कारों को मारी टक्कर, कई लोगों की जान बची

रांची, 11 जुलाई । झारखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित खतरनाक चुटूपालू घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर पहले से दुर्घटनाग्रस्त एलपीजी टैंकर मौजूद था। इसी दौरान एक ट्रेलर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और एनएच 33 सड़क पर चल रही दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में कई लोग बाल-बाल एक बड़े हादसे का शिकार होने से बचे, जबकि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त गैस से लदे टैंकर को समय पर हटाया नहीं जा सका था। उनका आरोप है कि एनएचएआई की रेस्क्यू टीम टैंकर को तत्काल हटाने में सफल नहीं हुई, जिसके कारण सड़क पर जोखिम बना रहा और इसी बीच अनियंत्रित ट्रेलर पीछे से आ गए। यदि ट्रेलर सीधे गैस टैंकर से टकरा जाता तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।

ट्रेलर की चपेट में आने से स्विफ्ट और क्रेटा गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, दोनों वाहनों में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गई और चालक की तलाश की जा रही है।

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि चुटूपालू घाटी लगातार हादसों का केंद्र बनी हुई है। बता दें कि एक दिन पहले ही लकड़ी से लदा ट्रक करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। कई पहलों के बावजूद यह घाटी अब भी वाहन चालकों के लिए बेहद जोखिम भरी बनी हुई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement