आईसीसी रैंकिंग: एनाबेल सदरलैंड और मेगन शट को मिला दमदार प्रदर्शन का

दुबई, 13 अक्टूबर । बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की शानदार शुरुआत का असर ताजा आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग में भी देखने को मिला है। एलिस पेरी बल्लेबाजों की टॉप 10 सूची में वापस आ गई हैं, जबकि एनाबेल सदरलैंड और मेगन शट गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पांच में पहुंच गई हैं।

ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। यह सीरीज आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा है और ब्रिस्बेन में खेले गए शुरुआती दो मैचों में कई खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया है। एलन बॉर्डर फील्ड में खेले गए पहले वनडे में सदरलैंड का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने चार विकेट लिए और फिर नाबाद 25 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन से वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में वे तीन स्थान ऊपर चढ़कर 17वें नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि गेंदबाजी रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ वे चौथे नंबर पर आ गईं।

ऑस्ट्रेलिया के शानदार प्रदर्शन का फायदा मेगन शट को भी मिला है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे मैच में चार विकेट लेने के बाद वह वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में भी बदलाव हुए हैं। पेरी दो स्थान ऊपर चढ़कर 10वें नंबर पर आ गई हैं और उनकी टॉप 10 में वापसी हुई है, जबकि जॉर्जिया वोल ने बल्लेबाजों की रैंकिंग में सबसे ज्यादा सुधार किया है। सीरीज में अपने योगदान के बाद वोल आठ स्थान ऊपर चढ़कर 28वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

सीरीज में 0-2 से पीछे होने के बावजूद, बांग्लादेश की महिला खिलाड़ियों को भी रैंकिंग में फायदा पहुंचा है। कप्तान निगार सुल्ताना 11 स्थान ऊपर चढ़कर वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से 24वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि शोभना मोस्तरी 11 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 35वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

रैंकिंग के ताजा अपडेट में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच महिला टी20 इंटरनेशनल सीरीज के प्रदर्शन को भी शामिल किया गया है। हरारे में खेले गए आखिरी मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद स्टेफनी टेलर रैंकिंग में सबसे ज्यादा सुधार करने वाली खिलाड़ियों में से एक रही हैं।टेलर ने सिर्फ 39 गेंदों में 64 रन बनाए और वेस्टइंडीज को सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने में मदद की। 35 साल की इस खिलाड़ी ने टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में सात पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 40वां स्थान हासिल किया और ऑलराउंडरों की रैंकिंग में तो और भी बड़ी बढ़त हासिल करते हुए 29 पायदान ऊपर चढ़कर 39वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

भले ही जिम्बाब्वे सीरीज हार गई, लेकिन केलिस न्धलोवु और बिलव्ड बिजा ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। न्धलोवु टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में पांच पायदान ऊपर चढ़कर 67वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि बिजा 10 पायदान ऊपर चढ़कर टी20 इंटरनेशनल में ऑलराउंडरों की सूची में संयुक्त रूप से 45वें स्थान पर आ गई हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter