असम: गोलाघाट के बोकाखात में भीषण अग्निकांड, पांच व्यापारिक प्रतिष्ठान

गोलाघाट, 25 सितंबर । असम के गोलाघाट जिले में बोकाखात के पास एक भयावह और भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। इस आग में पांच व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए।

यह घटना बोकाखात के पास बरजुरी में गुरुवार देर रात हुई। अग्निकांड में सबसे अधिक नुकसान एक बाइक रिपेयरिंग गैराज को हुआ। ग्राहकों की मरम्मत के लिए गैराज में रखी करीब 15 मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत सुरज बास्के की कंप्यूटर की दुकान से हुई। बताया जा रहा है कि दुकान के पास मौजूद नरेश ठाकुर नामक एक सैलून संचालक ने सबसे पहले कंप्यूटर की दुकान में आग लगने का पता लगाया।

नरेश ठाकुर के मुताबिक, आग का पता चलते ही उन्होंने सैलून से केवल वहां रखे तीन सिलेंडर ही बाहर निकाल पाए, इसके अलावा कुछ भी बचाया नहीं जा सका।

इस भीषण अग्निकांड में नरेश ठाकुर का सैलून, रमेन दास, रिंकू दास और अजय दास की संयुक्त बाइक रिपेयरिंग दुकान, सुरज बास्के की कंप्यूटर दुकान, तरुण कर्मकार का होटल और एक पान की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

एक दुकानदार ने आईएएनएस को बताया कि कंप्यूटर की दुकान के अंदर से आग फैली थी। एक तेज आवाज हुई थी, जिससे नींद खुल गई। मैंने अन्य लोगों को सूचना दी और उसके बाद दुकान मालिक वहां आए। इसके बाद दमकल विभाग की टीम को सूचना दी गई। हालांकि, दमकल की टीम आने से पहले ही दुकानें जलकर राख हो गईं। इनमें एक भी सामान नहीं बचा है।

इस अग्निकांड में करीब 70 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं, कर्ज लेकर मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कारोबार शुरू करने वाले रमेन दास इस घटना के बाद गहरे सदमे में हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आधिकारिक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter