मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, कम फॉर्म जमा करने वाले बीएलओ के काम का होगा स्थलीय सत्यापन
गौतमबुद्धनगर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 (एसएसआर) के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
नोएडा, 27 नवंबर । गौतमबुद्धनगर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 (एसएसआर) के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त मेरठ मंडल एवं रोल ऑब्जर्वर भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति, नए मतदाताओं के पंजीकरण, दावों एवं आपत्तियों, ऑफलाइन प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और आगामी 28 व 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को केवल निर्धारित लक्ष्य पूरा करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि व्यापक जनसंपर्क और जनजागरूकता के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाई जाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित ऐसे सभी नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए, जिनका नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं है। इसके लिए शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
अभियान की वास्तविक प्रगति और बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए मंडलायुक्त ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम प्रपत्र प्राप्त करने वाले बीएलओ को चिह्नित करने के निर्देश दिए। 27 नवंबर को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सुपरवाइजर स्वयं ऐसे बीएलओ के क्षेत्रों में जाकर स्थलीय सत्यापन करेंगे। अधिकारियों को निर्धारित घरों में पहुंचकर रैंडम आधार पर जांच करने को कहा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बीएलओ ने वास्तव में घर-घर जाकर संपर्क किया है या नहीं। विशेष अभियान दिवसों के बाद भी लगभग 100 बीएलओ के कार्यों का सत्यापन कराया जाएगा।
मंडलायुक्त ने सभी लंबित ऑफलाइन प्रपत्रों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत डिजिटाइज करने और प्रतिदिन शाम छह बजे तक रिपोर्ट लॉक करने के निर्देश दिए। साथ ही ईआरओ-नेट पर दर्ज आंकड़ों और बीएलओ से प्राप्त सूचनाओं का नियमित मिलान करने तथा किसी भी तरह की विसंगति मिलने पर तत्काल उसका समाधान कराने को कहा। बैठक में मंडलायुक्त ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्र और मतदेय स्थलवार बीएलओ की अद्यतन सूची तथा उनके मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार स्थलीय सत्यापन कराया जाए, लेकिन किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से नहीं हटना चाहिए। फार्म-6 भरते समय आवेदक का पूरा पता दर्ज करने और प्रत्येक जानकारी की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश भी दिए गए।
मंडलायुक्त ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 17 नवंबर 2026 से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों से संबंधित सूचियां जिला गौतमबुद्धनगर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम शामिल करने से संबंधित फार्म-9, फार्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने की सूची फार्म-10 और फार्म-8 के माध्यम से संशोधन एवं स्थान परिवर्तन से संबंधित सूचियां फार्म-11, 11ए और 11बी शामिल हैं। नागरिक और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि इन सूचियों को डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिस के टैब में इंपॉर्टेंट लिंक के अंतर्गत देख सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने के लिए मंडलायुक्त ने पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों, लेखपालों और कोटेदारों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध मानव संसाधनों के माध्यम से घर-घर तक मतदाता पंजीकरण का संदेश पहुंचाया जाए। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की मदद से बहुमंजिला आवासीय परिसरों, सोसायटियों और अन्य क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। 28 और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों के लिए मंडलायुक्त ने मतदान दिवस की तर्ज पर समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम से बीएलओ की उपस्थिति, लोकेशन और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रत्येक दो घंटे में समीक्षा की जाएगी। सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही मैदानी कर्मचारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। मंडलायुक्त ने सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया और सभी से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपेक्षा की।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा और अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source: IANS