देहरादून के सृष्टि कंडारी प्रकरण पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने दुख प्रकट किया, बोलीं- जिंदगी समाप्त करना कोई हल नहीं
देहरादून की शिक्षिका सृष्टि कंडारी के प्रकरण पर उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटनाक्रम को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इस मामले में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

ऋषिकेश, 1 अगस्त । देहरादून की शिक्षिका सृष्टि कंडारी के प्रकरण पर उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटनाक्रम को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इस मामले में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कुसुम कंडवाल ने कहा कि यह बेहद दुखद मामला है। वह शिक्षिका थीं और अपनी शादी के महज आठ महीने बाद ही उन्हें सुसाइड करना पड़ा। उन्होंने बताया कि वह लगातार पुलिस के संपर्क में बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग स्वतः संज्ञान भी लेते हैं, क्योंकि कोई भी इतनी आसानी से सुसाइड नहीं करता है।
उन्होंने कहा कि मैंने प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम ने सीबी-सीआईडी से मामले की जांच कराने की बात कही है। कोई भी पढ़ी-लिखी महिला सुसाइड कर ले, यह बहुत गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या बेटी के साथ प्रताड़ना हो रही है तो आप महिला आयोग से तुरंत संपर्क करें। यहां से आपको मदद मिलेगी, लेकिन अपनी जीवनलीला खत्म कर लेना कोई समाधान नहीं है। प्रताड़ना सहना भी अपराध है, इसलिए आप मुखर होकर हम लोगों के पास पहुंचिए।
उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि इस मामले की जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी ही चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेरी सृष्टि कंडारी की माता से बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह वापस घर आ रही थीं, लेकिन घर आने से पहले ही उन्होंने सुसाइड कर लिया। उन्हें प्रताड़ित किया गया था। परिवार के जो लोग भी उन्हें प्रताड़ित करने में शामिल थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति और ननद को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी का कहना है कि सास के विरुद्ध भी सबूत एकत्रित किए जा रहे हैं। अगर कोई सबूत मिलते हैं तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। सृष्टि ने अपनी जान देने से पहले एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उसने बताया था कि कैसे उसके ससुराल के लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। वह अपनी मां और बहन से माफी मांगती दिखाई दे रही है।
Source: IANS

