बिहार: तालाब में स्नान करने गए एक ही परिवार के पांच बच्चों की डूबने से मौत

मधुबनी, 3 जून । बिहार के मधुबनी जिले के पतोना थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तालाबनुमा बड़े गड्ढे में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब जाने से पांच बच्चों की मौत हो गई। सभी बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसर गया है।

पुलिस के मुताबिक, पूरी घटना केरवार गांव की है, जहां गांव के कई बच्चे पास के ही खेत में जेसीबी से खुदा बड़े गड्ढे में जमा पानी में स्नान करने गए थे। ये बच्चे स्नान करने में मशगूल हो गए और आगे बढ़ते चले गए। इस दौरान उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं लगा और गहरे पानी में एक-एक करके डूबते चले गए।

इसके बाद घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण तुरंत पहुंच गए और राहत और बचाव का कार्य प्रारंभ कर दिया। इस घटना में पांच बच्चों की मौत हो गई। बताया गया कि सभी पांच शवों को बाहर निकाल लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। एक साथ पांच बच्चों की मौत की खबर फैलते ही पूरे केरवार गांव में मातम छा गया है। मृत बच्चों के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली उचित सरकारी सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा तालाबनुमा हो गया है, लेकिन यहां पर सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया गया है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement