2035 तक उत्तराखंड को 'विकसित राज्य' बनाकर रहेंगे: सीएम पुष्कर धामी

ऋषिकेश (उत्तराखंड), 4 जुलाई । ऋषिकेश में सेवा, सुशासन और समर्पण विषय पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का नाम 'हर घर में, हर व्यक्ति के लिए जन सरकार' रखा गया था।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित एक वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विभिन्न मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। इसी कारण कई ऐसे कार्य संभव हो सके हैं, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से राज्य लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 219 करोड़ रुपये की लागत वाली 241 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उनका कहना था कि ये सभी परियोजनाएं आने वाले समय में उत्तराखंड के विकास को और गति देंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले पांच वर्षों में बिना रुके लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कभी दिन और महीने नहीं गिने। उन्होंने कहा कि मैं कई बार किसी अधिकारी को फोन कर यह पूछता था कि वह कार्यालय में है या नहीं, लेकिन काम में व्यस्त रहने के कारण रविवार और अवकाश का भी ध्यान नहीं रहता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते समय उनके मन में केवल एक ही लक्ष्य था कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक कैसे पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद उनके लिए सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। सरकार का उद्देश्य केवल अपना कार्यकाल पूरा करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ सरकार काम कर रही है। साथ ही, सभी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को दुग्ध उत्पादन, पुष्प उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और राज्य में 2 लाख 35 हजार बहनें लखपति बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। राज्य की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। राज्य में स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1,700 हो गई है। साथ ही, होम-स्टे की संख्या में भी 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement