पंजाब पुलिस ने 4 तस्करों को किया गिरफ्तार, 16.8 किलो हेरोइन बरामद

चंडीगढ़, 7 अप्रैल। पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादन ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कपूरथला पुलिस ने फगवाड़ा इलाके में छापेमारी कर 16.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। साथ ही, इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन की खेप भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र से लाई गई थी, जिसे चंडीगढ़ पहुंचाना था। जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान और दुबई में बैठे हैंडलर्स से जुड़े होने के संकेत मिले हैं, जो इस पूरे तस्करी रैकेट को संचालित कर रहे थे। एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए लिखा, "अमृतसर ग्रामीण पुलिस से मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कपूरथला पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फगवाड़ा इलाके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 16.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच से पता चला है कि यह खेप सीमावर्ती इलाके से लाई गई थी और इसे चंडीगढ़ पहुंचाया जाना था। इस तस्करी नेटवर्क को पाकिस्तान और दुबई में बैठे हैंडलर संचालित कर रहे थे।"

डीजीपी ने आगे बताया कि फगवाड़ा के सदर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है और इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है। पंजाब पुलिस नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने और एक सुरक्षित, नशामुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement