झारखंड के गिरिडीह में पुलिस टीम पर हमला, फरार हुआ साइबर अपराधी
झारखंड के गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

गिरिडीह, 11 जून । झारखंड के गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि साइबर अपराध के एक मामले में वांछित आरोपी चूरामन मंडल अपने ससुराल चिकसोरिया गांव में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक टीम गांव पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद उसे पुलिस वाहन में बैठाया जा रहा था, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण और आरोपी के परिजन मौके पर जुट गए तथा पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम को घेरकर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले और अफरातफरी का फायदा उठाकर ग्रामीण गिरफ्तार आरोपी चूरामन मंडल को पुलिस हिरासत से छुड़ाने में सफल रहे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांडेय इंस्पेक्टर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि साइबर अपराधी की गांव में मौजूदगी की सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर पथराव शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से निकले, हालांकि पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने, आरोपी को छुड़ाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी और हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Source: IANS

