देहरादून में भारी बारिश की संभावना के चलते 14 अगस्त को कक्षा 1 से 12

देहरादून, 13 अगस्त । मौसम विभाग, देहरादून की ओर से जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शुक्रवार को बंद रहेंगे।

प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों, बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। मौसम विभाग की ओर से अगले 24 घंटे के दौरान जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।

भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और एनडीएमए से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

सभी स्कूलों पर लागू होगा आदेश

जिले में 14 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश रहेगा।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि आदेश का सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारियों से कहा गया है कि जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक सूचना पहुंचाना सुनिश्चित करें।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter