श्रमिक आंदोलन को भड़काने के आरोपी के खाते में अलग-अलग देशों से आई थी

नोएडा, 14 मई । गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आंदोलन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों, आगजनी और अराजकता फैलाने के मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसी क्रम में आरोपी सत्यम वर्मा और आकृति के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की आंदोलन को हिंसक रूप देने और लोक व्यवस्था को बाधित करने में महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, श्रमिक आंदोलन के दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शन उग्र हो गया था। इस दौरान तोड़फोड़, आगजनी और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने जैसी घटनाएं हुई थीं।

जांच में सामने आया कि कुछ लोग प्रदर्शनकारियों को भड़काने और माहौल खराब करने का काम कर रहे थे। इन्हीं आरोपों के आधार पर सत्यम वर्मा और आकृति को चिन्हित किया गया और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा की जा रही विवेचना में आरोपी सत्यम वर्मा को लेकर कुछ चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, सत्यम वर्मा के व्यक्तिगत बैंक खातों में एक करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि विभिन्न देशों से प्राप्त हुई है। यह रकम डॉलर, पाउंड और यूरो जैसी विदेशी मुद्राओं के रूप में अलग-अलग समय पर उसके खातों में क्रेडिट हुई। पुलिस के अनुसार, इन पैसों को आरोपी द्वारा तुरंत अपने अन्य व्यक्तिगत बैंक खातों में ट्रांसफर भी किया गया।

जांच में यह भी पता चला है कि सत्यम वर्मा कई संगठनों से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब इन संगठनों और विदेशी फंडिंग के संभावित संबंधों की गहन जांच कर रही है। बैंक खातों में हुए ट्रांजेक्शन, धनराशि के स्रोत और पैसों के इस्तेमाल को लेकर विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक लेन-देन और विदेशी संपर्कों की भी जांच की जा रही है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की विवेचना लगातार जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter