पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, कंटेनर में घुसी कार, पांच लोगों

आजमगढ़, 16 मई । उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन संख्या-238 के पास हुआ। सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राहगीरों के अनुसार, हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन का अगला हिस्सा और छत बुरी तरह पिचक गई थी। टक्कर के प्रभाव से कार का अंदरूनी ढांचा भी पूरी तरह तबाह हो गया।

क्षतिग्रस्त वाहन को एक्सप्रेस-वे से हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस को घटनास्थल से मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है, जिसमें हरियाणा के फरीदाबाद का पता अंकित है। पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर घटना के बारे में जानकारी देने वाला भी कोई जीवित नहीं बचा। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक स्विफ्ट डिजायर चलते कंटेनर में घुस गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा सभी शवों को एंबुलेंस के जरिए मोर्चरी भेजा गया।

उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter