उत्तराखंड: हरेला पर हरियाली का संकल्प, माल रोड पर लगे छायादार और फूलदार पौधे

मसूरी, 16 जुलाई । उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला पर पहाड़ों की रानी मसूरी हरियाली के रंग में रंग गई। नगर पालिका परिषद की ओर से माल रोड पर आयोजित विशेष पौधरोपण अभियान में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सभासदों और स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के फूलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस बार अभियान की खास बात केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी तय करना रही। प्रत्येक पौधे के साथ उसके संरक्षक का नाम अंकित किया गया है, ताकि उसकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नगर पालिका का मानना है कि पौधरोपण तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर शहर की पहचान बनें।

पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि माल रोड को अधिक सुंदर, स्वच्छ और हराभरा बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले माल रोड को अतिक्रमण और अव्यवस्था से मुक्त कराया गया और अब इसे पर्यावरण की दृष्टि से भी आकर्षक बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। फूलदार और छायादार पौधे आने वाले वर्षों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ बेहतर वातावरण प्रदान करेंगे।

अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए ट्री-गार्ड रीसायकल प्लास्टिक से तैयार किए गए हैं। इससे एक ओर पौधों को जानवरों और अन्य नुकसान से बचाया जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग (रीसाइक्लिंग) को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन का एक बेहतरीन उदाहरण है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति उत्तराखंड की आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लें। विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सकेगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement