देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देखी फिल्म 'द केरला स्टोरी 2'

देहरादून, 17 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मॉल ऑफ देहरादून में बहुचर्चित फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ देखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म समाज में घटित हो रही संवेदनशील घटनाओं को उजागर करते हुए जागरूकता का एक सशक्त माध्यम है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और जनसंख्या संतुलन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर एक ऐतिहासिक पहल की है, जो समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे अवैध और जबरन धर्मांतरण की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के कानून समाज में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जागरूक रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज को सोचने और समझने का अवसर देती हैं, और सरकार ऐसे हर प्रयास का समर्थन करती है। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं अन्य जनप्रतिनिधि थे।

बता दें कि इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आगामी 2027 में आयोजित होने जा रहे कुंभ मेले के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारी यही कोशिश है कि कुंभ मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक अच्छा अनुभव प्राप्त हो। इस दिशा में हम सभी लोग प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोग कुंभ मेले की तैयारियों में जुटे हुए हैं। तैयारियों में किस भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जा रही है। हमने काफी पहले ही तैयारियों का खाका तैयार कर लिया है, जिसके अनरूप ही हम काम कर रहे हैं।

सीएम धामी ने आगे कहा कि मैं खुद सभी तैयारियों की निगरानी कर रहा हूं। मैं खुद अपने स्तर पर यह सुनिश्चित कर रहा हूं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर नहीं बरती जाए। हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी तैयारियों को तय नियमों के तहत ही संपन्न किया जाए। इसके इतर, हमारे कई शीर्ष अधिकारी भी इस कुंभ मेले के संबंध में पूरी तैयारियों को संपन्न करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे हुए हैं। जिला स्तर के सभी अधिकारी तैयारियों की निगरानी में जुटे हुए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement