रांची में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चला ‘ऑपरेशन प्रहार’, 100 से

रांची, 17 मई । झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में लंबे समय से फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस ने शनिवार रात बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिलेभर में एक साथ हुई कार्रवाई में पुलिस ने 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा विभिन्न मामलों में लंबित 150 से ज्यादा वारंटों का भी निष्पादन किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई अपराधी लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सूचनाएं एकत्र कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने शनिवार को विशेष रणनीति तैयार की और देर रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान शुरू कराया।

अभियान के दौरान जिले के लगभग सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने इलाकों में चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई अपराधियों को भागने या छिपने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में नामजद 100 से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया। साथ ही कोर्ट से जारी गैर-जमानती और अन्य लंबित वारंटों पर भी त्वरित कार्रवाई करते हुए 150 से ज्यादा वारंटों का निष्पादन किया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर हत्या, मारपीट, चोरी, रंगदारी और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। शनिवार रात भर चले इस अभियान के बाद सभी आरोपियों से संबंधित कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

रांची पुलिस के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter