उत्तराखंडः वर्षों की मांग पूरी, काशीपुर को मिला एनडीपीएस और पॉक्सो कोर्ट

ऊधम सिंह नगर, 17 जून । ऊधम सिंह नगर जिले में स्थित काशीपुर के अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। उत्तराखंड सरकार ने एनडीपीएस और पॉक्सो कोर्ट काशीपुर में स्थापित किए जाने की मंजूरी दे दी है, इस निर्णय का अधिवक्ताओं ने स्वागत करते हुए खुशी जताई है। इस अवसर पर न्यायालय परिसर के बाहर अधिवक्ताओं ने मिष्ठान वितरण किया और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरजेश खुलबे ने कहा कि काशीपुर में एनडीपीएस और पोक्सो कोर्ट खोले जाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। सरकार और उच्च न्यायालय ने हमारी इस मांग को सुन लिया है; यहां पोक्सो कोर्ट के लिए नोटिफिकेशन जारी हो गया है। इस निर्णय से न केवल अधिवक्ताओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि शिकायतकर्ताओं को भी न्यायिक प्रक्रिया के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले एनडीपीएस और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों की सुनवाई रुद्रपुर में होती थी, जिसके कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इन न्यायालयों के काशीपुर में स्थापित होने से समय और संसाधनों की बचत होगी।

गिरजेश खुलबे ने इस उपलब्धि का श्रेय पूर्व बार कार्यकारिणी के संघर्ष को भी दिया। उन्होंने कहा कि पुरानी कार्यकारिणी ने इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। अधिवक्ताओं ने इसे काशीपुर की न्यायिक व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी न्यायिक सुविधाओं का विस्तार कर काशीपुर को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और एक-दूसरे को बधाई देकर व मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।

बता दें कि काशीपुर उत्तराखण्ड के ऊधम सिंह नगर जिले का एक महत्वपूर्ण पौराणिक एवं औद्योगिक शहर है। प्राचीन काल में इस नगर का नाम उज्जैनी और यहां से बहने वाली ढेला नदी का नाम सुवर्णभद्रा था। हर्ष काल में इसे गोविषाण कहा जाने लगा। बाद में काशीनाथ अधिकारी ने तराई क्षेत्र के अधिकारी का महल रुद्रपुर से यहां स्थानांतरित किया, जिसके बाद उनके नाम पर इसे काशीपुर कहा जाने लगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement