रांची: आरएसएस कार्यालय पर हमले की जांच एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड को सौंपी, तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची, 18 जून । रांची के निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के झारखंड प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के मामले की जांच अब झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) करेगी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें से एक आरोपी गुरुवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गया था, जिसे बाद में मांडर इलाके में पकड़ने के दौरान हुई मुठभेड़ में गोली लगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने गुरुवार रात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 16 जून की रात आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना के बाद चुटिया थाना में विभिन्न धाराओं के अलावा यूएपीए और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की जांच के लिए नगर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षकों के संयुक्त नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

छापेमारी के दौरान घटना के बाद दूसरे राज्य भागने की कोशिश कर रहे सैफ अंसारी और अमन अंसारी उर्फ गोलू को कोडरमा जिले के गझंडी रेलवे स्टेशन के पास से बोकारो और कोडरमा पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी सायम सुजान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों झारखंड के लोहरदगा के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। एक कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

एसएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच और पूछताछ में आरोपियों के किसी अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल से जुड़े होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी आगे की जांच एटीएस को सौंपने का अनुरोध किया गया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है।

इस बीच, गुरुवार को गिरफ्तार आरोपी सैफ अंसारी को कोतवाली थाना परिसर स्थित शौचालय ले जाया गया था। वहां वह वेंटिलेशन की ग्रिल और शीशा तोड़कर पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। सूचना मिलने के बाद जिलेभर में अलर्ट जारी किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मांडर थाना क्षेत्र के चामा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान उसे फिर पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि थाना ले जाने के क्रम में उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर दोबारा भागने का प्रयास किया। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement