आंध्र प्रदेश में चलती बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे यात्री

विजयनगरम, 21 मार्च। निजी बसों में आग लगने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में विजयनगरम जिले में चलती हुई बस में अचानक आग लग गई। हालांकि आग लगते ही यात्रियों को उतार दिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। 

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के भुवनेश्वर से मलकाजगिरि जा रही बस जैसे ही विजयनगरम जिले के रामभद्रपुरम मंडल के तारापुरम के पास पहुंची, तभी बस का पिछला टायर फटने से अचानक आग लग गई। टायर फटने पर ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बस रोक कर यात्रियों को सुरक्षित बस से उतार दिया, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं, इसके बाद बस धूं-धूं कर जलने लगी। बताया जा रहा है बस में कुल 37 यात्री सवार थे, जिनमें ओडिशा के एक विधायक भी शामिल थे।

सूचना मिलते दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई थी। प्रशासन की ओर से यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य तक भेजा गया। फिलहाल स्थानीय पुलिस आग लगने के कारण का पता लगा रही है।

उल्लेखनीय है कि 7 मार्च को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में इसी तरह हादसा हुआ था। इंदौर से अकोला जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई थी। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 56 पर नांदुरा के पास हुई थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। वहीं, राजस्थान-गुजरात सीमा पर 13 मार्च की सुबह एक निजी बस में भी भीषण आग लग गई थी, जिससे एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया था। जिस बस में आग लगी थी, वह तीसरी बार यात्रियों को लेकर जा रही थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter