रांची के जेएससीए स्टेडियम में झारखंड टी-20 फाइनल के दौरान भारी भीड़ से मची भगदड़, कई घायल

रांची, 24 जून । रांची के धुर्वा स्थित झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मंगलवार शाम झारखंड प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इसमें कई लोग घायल हो गए हैं। तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

घटना के बाद कुछ दर्शकों ने गेट और बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाइनल मैच को लेकर दोपहर से ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचने लगे थे। मैच शुरू होने से पहले वेस्ट गेट पर दर्शकों की भीड़ अचानक बढ़ गई।

प्रवेश प्रक्रिया धीमी होने और सुरक्षा जांच में विलंब के कारण लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान पीछे से लगातार बढ़ते दबाव के चलते गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना में कई लोगों को चोटें आने की सूचना है। इनमें से तीन घायलों को उपचार के लिए रांची के राज हॉस्पिटल भेजा गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायलों में एक युवक और दो युवतियां शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। स्थिति बिगड़ने पर वहां मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अव्यवस्था और प्रवेश में हो रही देरी से परेशान कुछ दर्शकों ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान वेस्ट गेट और बैरिकेडिंग के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

प्रशासन ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गई है। फाइनल मुकाबले के दौरान हुई इस घटना ने बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement